GMCH STORIES

विप्र समाज की गौरवशाली प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान

( Read 373 Times)

16 Jun 26
Share |
Print This Page
विप्र समाज की गौरवशाली प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान

उदयपुर । विप्र फाउंडेशन,जोन 1-ए के शिक्षा, रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षा प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण बैठक रविवार सायं निंबार्क बी.एड. कॉलेज, उदयपुर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता विप्र फाउंडेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति के सदस्य एवं प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. एच.आर. दवे ने की। बैठक में प्रकोष्ठ पदाधिकारियों, शिक्षाविदों एवं समाज के विभिन्न घटकों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 12 जुलाई को विप्र प्रतिभा सम्मान समारोह एवं प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। समारोह में आई.ए.एस, आर.ए.एस, आर.जे.एस, आर.पी.एस. एवं अन्य उच्च प्रशासनिक, न्यायिक एवं शासकीय सेवाओं में चयनित विप्र प्रतिभाओं के साथ-साथ एम.बी.बी.एस, सी.ए, सी.एस. एवं राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतिभाओं तथा विद्यालय की 10 वीं 12 वीं बोर्ड  एवं महाविद्यालय स्तर पर 85 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समाज के सफल अधिकारियों, चिकित्सकों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, कंपनी सेक्रेटरी, खेल प्रतिभाओं एवं अन्य विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त व्यक्तियों के अनुभवों का लाभ युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए विशेष मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की समुचित जानकारी प्राप्त होगी तथा उनमें उच्च उपलब्धियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होगा।
अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. एच.आर. दवे ने कहा कि समाज की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित करना केवल उपलब्धियों का अभिनंदन नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणा-स्रोत तैयार करना है। उन्होंने कहा कि विप्र फाउंडेशन का उद्देश्य समाज की सफल प्रतिभाओं को विद्यार्थियों से जोड़कर एक सशक्त मार्गदर्शन एवं मेंटरशिप तंत्र विकसित करना है, जिससे अधिकाधिक युवा प्रशासनिक, न्यायिक, चिकित्सा, वित्तीय, खेल एवं अन्य प्रतिष्ठित क्षेत्रों में अपनी पहचान स्थापित कर सकें।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सम्मान समारोह हेतु पात्र मेधावी विद्यार्थियों एवं प्रतिभाओं के पंजीयन के लिए शीघ्र ही गूगल फॉर्म जारी किया जाएगा। विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर 85 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव गणेश नागदा के अनुसार कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु विभिन्न समितियों का गठन कर दायित्वों का निर्धारण किया गया। समितियों को प्रचार-प्रसार, प्रतिभा पंजीयन, अतिथि समन्वय, मंच व्यवस्था, स्वागत, वित्तीय प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थागत कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रकोष्ठ के मीडिया प्रभारी गोपाल मेहता मेनारिया ने बताया कि बैठक में डॉ.शोभालाल औदिच्य, सत्य प्रकाश त्रिवेदी, राजेश पालीवाल, दिनेश शुक्ला, गोपाल मेहता, प्रेम औदिच्य, भूपेंद्र श्रीमाली, भूपेंद्र शर्मा, जयप्रकाश श्रीमाली, प्रदीप गर्ग, सुशील वशिष्ठ, डॉ. लक्ष्मी नारायण दशोरा सहित अनेक प्रबुद्ध विप्रजन उपस्थित रहे। संचालन लोकेश पालीवाल ने किया तथा अंत में धन्यवाद डॉ.भगवती शंकर व्यास ने किया।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like