उदयपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), क्षेत्रीय कार्यालय, उदयपुर द्वारा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत राष्ट्रव्यापी लाभ वितरण कार्यक्रम 19 जून 2026 को चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्री सभागार में होगा। इस दौरान नई दिल्ली में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में प्रस्तावित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। समारोह के दौरान उदयपुर जिले के 127 संस्थान और 1141 कार्मिक लाभान्वित होंगे।
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रशान्त कुमार सिन्हा ने मंगलवार को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उदयपुर में 19 जून को प्रस्तावित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया होंगे। वहीं लोकसभा सांसद डाॅ मन्नालाल रावत, विधायक फूलसिंह मीणा, ताराचंद जैन भी बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे। संभागीय आयुक्त, जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग एवं व्यापार संगठनों के प्रतिनिधि, प्रतिष्ठान संचालक, श्रमिक प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं लाभार्थी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के राष्ट्रव्यापी लाभ वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसमें देशभर के लाभार्थी, नियोक्ता एवं विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी लाभार्थियों को संबोधित करेंगे तथा रोजगार सृजन एवं सामाजिक सुरक्षा विस्तार से संबंधित महत्वपूर्ण संदेश देंगे।
श्री सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का उद्देश्य नए रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करना, औपचारिक क्षेत्र में रोजगार को बढ़ावा देना तथा अधिकाधिक श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाना है। कार्यक्रम के दौरान योजना के लाभार्थियों को लाभ वितरण किया जाएगा तथा नियोक्ताओं एवं कर्मचारियों को योजना की विशेषताओं एवं लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। उदयपुर संभाग के कुल 127 संस्थानों को करीब 99 लाख का इंसेंटिव मिलेगा इसके अलावा पहली बार जॉब पर लगने वाले करीब 1141 कार्मिकों को लगभग 50 लाख रूपए की राशि रिलीज की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इस योजना के तहत 2 वर्ष तक एवं निर्माण क्षेत्र की इकाइयों को 4 साल तक लाभ मिलेगा।
क्षेत्रीय आयुक्त द्वितीय रौनक जैन ने बताया कि ईपीएफओ, क्षेत्रीय कार्यालय, उदयपुर द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। प्रेसवार्ता के दौरान ईपीएफओ से जीएल नागदा सहित सभी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।