उदयपुर। उदयपुर चेम्बर आॅफ काॅमर्स एण्ड इण्डस्ट्री ने उदयपुर सम्भाग के यात्रियों एवं यहां आने वाले पर्यटकों के लिये बेहतर रेलवे सुविधाएं उपलब्ध करवाये जाने हेतु कई महत्वपूर्ण सुझाव दिये हैं।
ज्ञात हो कि मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक अजमेर में मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। डॉ. पवन तलेसरा ने बैठक में भाग लेते हुए यूसीसीआई की ओर से उद्योग एवं व्यापार जगत से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत सुझाव प्रस्तुत किये।
यूसीसीआई द्वारा उदयपुर सिटी एवं राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने, यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार, रेलवे स्टेशन परिसर में लिफ्ट, एस्केलेटर, स्वच्छता, सुरक्षा एवं डिजिटल सूचना प्रणाली को सुदृढ़ करने तथा उदयपुर सिटी स्टेशन पर 24×7 चिकित्सा सहायता केन्द्र स्थापित किये जाने का सुझाव दिया गया।
नीतिगत एवं दीर्घकालिक विकास से सम्बन्धित प्रस्तावों में उदयपुर स्थित रेलवे प्रशिक्षण संस्थान को “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” के रूप में विकसित करने, उदयपुर क्षेत्र में रेलवे कोच निर्माण इकाई स्थापित करने, नाथद्वारा-मारवाड़, उदयपुर-जालोर वाया पिण्डवाडा तथा उदयपुर-बांसवाड़ा-रतलाम रेल परियोजनाओं को गति देने तथा औद्योगिक एवं निर्यात गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु नई रेल संपर्क योजनाओं पर बल दिया गया।
बैठक में विशेष रूप से उदयपुर रेलवे प्रशिक्षण संस्थान के उन्नयन, नेपाल एवं बांग्लादेश सीमा सहित विभिन्न व्यावसायिक केंद्रों के लिए वैगन ट्रेनों के संचालन, क्षेत्र में आईसीडी (इनलैंड कंटेनर डिपो) स्थापित करने हेतु रेलवे, कॉनकॉर, शिपिंग लाइन्स एवं निर्यातकों की संयुक्त बैठक आयोजित करने तथा उदयपुर से पिण्डवाडा होते हुए मून्दडा पोर्ट तक रेल संपर्क के सर्वेक्षण जैसे विषयों पर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई।
इसके अतिरिक्त उदयपुर-दिल्ली वाया जयपुर वंदे भारत ट्रेन, चेतक एक्सप्रेस का डूंगरपुर तक विस्तार, सियालदह-अजमेर एवं जम्मू तवी-अजमेर ट्रेनों को उदयपुर तक बढ़ाने, अहमदाबाद मार्ग से उदयपुर-मुंबई दैनिक सेवा, उदयपुर-पुरी वाया खजुराहो-जबलपुर तक नई रेल सेवा, राजस्थान में कोच निर्माण इकाई की स्थापना तथा दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों यथा - हैदराबाद, बेंगलुरु, पुणे, चेन्नई, विशाखापट्नम एवं तिरुवनंतपुरम से बेहतर रेल संपर्क स्थापित करने के प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक सौहार्दपूर्ण एवं अत्यंत सफल रही। बैठक में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री मिहिर देव, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों तथा उदयपुर से श्री प्रमोद झंवर, ओमप्रकाश पालीवाल सहित भीलवाड़ा, आबूरोड सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा ने अगले माह यूसीसीआई सभागार में एक बैठक आयोजित करने द्वारा प्रस्तुत सुझावों पर आवश्यक कार्यवाही करने तथा संबंधित विषयों को उचित स्तर पर अग्रेषित करने का आश्वासन दिया।