उदयपुर। उदयपुर के अंतर्राष्ट्रीय शिल्पकार एवं 211 वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर डॉ. इकबाल सक्का ने भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के अवसर पर विश्व का सबसे छोटा सोने-चांदी का रथ बनाकर कौमी एकता और भाईचारे का संदेश दिया है।
डॉ. सक्का ने 1 x 1 सेंटीमीटर आकार का श्री जगन्नाथ भगवान का रथ तैयार कर अपनी कलाकारी का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। रथ में एक सेंटीमीटर का चांदी का मंदिर, एक मिलीमीटर का कलश और केसरी पताका बनाई गई है जिस पर 'ॐ' अंकित है। रथ के अंदर बने मंदिर में मूंग के दाने से भी छोटी चांदी की भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा बनाकर सिंहासन पर विराजमान की गई है। प्रतिमा को केवल लेंस की मदद से ही देखा जा सकता है। रथ को ले जाने के लिए चांदी में 1 सेंटीमीटर का घोड़ाभी बनाया है जो भगवान जगन्नाथ के रथ को बढ़ते हुए दर्शाया है।
डॉ. सक्का ने बताया कि यह रथ कौमी एकता और भाईचारे के पर्व का संदेश देता है। वे इस कलाकृति को विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर, पुरी, उड़ीसा में भेंट करेंगे। इस संबंध में उन्होंने श्री जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट कमेटी, पुरी को पत्र भी लिखा है।
उन्होंने बताया कि 7 ग्राम चांदी और 300 मिलीग्राम सोने से बने इस रथ को बनाने में 36 घंटों का समय लगा है। डॉ. सक्का ने बताया कि विश्व की सबसे छोटी भुवनेश्वर के उड़ीसा के कलाकार ने बनाई थी जो 3 गुना 2 सेंटीमीटर की है जो इंटरनेशनल बुक में दर्ज है उसी का रिकॉर्ड तोड़ते हुए डॉक्टर सक्का ने 1 गुना 1 सेंटीमीटर की चांदी और सोने में जगन्नाथ रथ बनाकर एक नया विश्व कृतिमान का दावा किया है कि यह विश्व का सबसे छोटा सोने-चांदी का जगन्नाथ रथ है।