GMCH STORIES

मार्बल, ग्रेनाइट एवं नेचुरल स्टोन निर्यात अवसरों पर वेबिनार आयोजित

( Read 564 Times)

17 Jul 26
Share |
Print This Page

मार्बल, ग्रेनाइट एवं नेचुरल स्टोन निर्यात अवसरों पर वेबिनार आयोजित

उदयपुर। उदयपुर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री ने फैडरेशन आॅफ इण्डियन एक्सपोर्ट आॅर्गेनाईजेशन (फियो) जयपुर चैप्टर एवं फेडरेशन ऑफ इंडियन ग्रेनाइट एण्ड स्टोन इण्डस्ट्री (फिग्सी) के संयुक्त तत्वावधान में मार्बल, ग्रेनाइट एवं नेचुरल स्टोन के निर्यात के अवसर विषय पर एक वेबिनार का आयोजन किया। वेबिनार का उद्देश्य मार्बल, ग्रेनाइट एवं नेचुरल स्टोन उद्योग से जुड़े निर्यातकों एवं निर्माताओं को यूरोप, विशेषकर इटली में उपलब्ध निर्यात अवसरों, अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेलों तथा राजस्थान सरकार द्वारा उपलब्ध वित्तीय सहायता एवं प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम के आरम्भ में फियो (उत्तरी क्षेत्र) के उप महानिदेशक एवं क्षेत्रीय प्रमुख श्री आशीष जैन ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय प्राकृतिक पत्थर उद्योग के लिए यूरोपीय बाजार में अपार संभावनाएँ उपलब्ध हैं तथा अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में सहभागिता से निर्यात को नई दिशा मिलेगी।
फिग्सी के अध्यक्ष श्री ईश्वरिन्दर सिंह ने अपने सम्बोधन में इण्डियन नेचुरल स्टोन इण्डस्ट्री की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता पर प्रकाश डालते हुए निर्यातकों से वैश्विक बाजारों में अपनी उपस्थिति और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
यूसीसीआई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीए श्री अंशुल मोगरा ने अपने संबोधन में कहा कि दक्षिण राजस्थान का मार्बल एवं स्टोन उद्योग देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। यूसीसीआई सदैव स्थानीय उद्योगों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध रहा है तथा पूर्व में भी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेलों एवं प्रदर्शनियों में उद्योग प्रतिनिधिमंडलों को सहयोग प्रदान करता रहा है। उदयपुर देश के संगमरमर, ग्रेनाइट एवं नेचुरल स्टोन इण्डस्ट्री का प्रमुख केन्द्र है और अब आवश्यकता है कि हमारे उत्कृष्ट उत्पाद सही वैश्विक बाजारों तक पहुँचें।
उन्होंने कहा कि ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रम उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों, नई तकनीकों एवं सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं से जोड़ने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। उन्होंने उद्योगों से अधिकाधिक निर्यात उन्मुख गतिविधियों में भाग लेने का आग्रह किया।
वेबिनार में “सीक्रेट आॅफ मार्बल इण्डस्ट्री“ पुस्तक के लेखक श्री अंकित सिंघल ने यूरोपीय देशों में प्राकृतिक पत्थरों की मांग, बाजार की प्रवृत्तियों तथा भारतीय उत्पादों की संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
राजस्थान सरकार के उद्योग विभाग के सहायक आयुक्त श्री हिमांशु जोशी ने राज्य सरकार की मार्केटिंग असिस्टेंस स्कीम सहित विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं एवं वित्तीय सहायता कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए निर्यातकों को इनका अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
मार्मोमैक (इटली) के इंडिया पार्टनर एवं आयोजक श्री राजीव मल्होत्रा ने मार्मोमैक (इटली) 2026 प्रदर्शनी के महत्व, वैश्विक खरीदारों से जुड़ने के अवसर तथा भारतीय कंपनियों के लिए उपलब्ध व्यावसायिक संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
फियोे के उप-निदेशक श्री निशांत कात्यायन ने ग्रेनाइट एवं मार्बल उत्पादों के निर्यात की संभावनाओं के साथ-साथ फियो द्वारा निर्यातकों को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सेवाओं एवं सहयोग की विस्तृत जानकारी दी।
वेबिनार के दौरान इटली एवं यूरोप में व्यापारिक अवसर, मार्मोमैक (इटली) 2026 प्रदर्शनी में सहभागिता, फियोे इण्डिया पवेलियन के लाभ, राजस्थान सरकार की प्रोत्साहन योजनाएँ, अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ नेटवर्किंग तथा प्रश्नोत्तर सत्र सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मार्बल, ग्रेनाइट एवं नेचुरल स्टोन निर्यातक, स्टोन प्रोसेसर एवं निर्माता, माईनिंग उद्यमी, मशीनरी एवं टेक्नोलॉजी आपूर्तिकर्ता, आर्किटेक्ट्स, इंटीरियर डिजाइनर्स तथा विभिन्न व्यापारिक संगठनों एवं उद्योग प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेषज्ञ वक्ताओं ने प्रतिभागियों के प्रश्नों का एक-एक कर समाधान किया तथा उनके साथ विस्तार से चर्चा की।
वेबिनार के दौरान डॉ. पवन तलेसरा, श्री हितेश पटेल, श्री कलित भण्डारी सहित यूसीसीआई के अनेक सदस्यों ने भी अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए।

अंत में फियो के श्री भूपेन्द्र सिंह ने सभी अतिथि वक्ताओं, सहभागी संस्थाओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like