उदयपुर। 77वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन शनिवार 1 अगस्त को उदयपुर में मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में कालकामाता नर्सरी स्थित बांकी वनखण्ड में किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री घोषणा-2026 के तहत राज्य में पहली बार विकसित किए जा रहे ‘चंदन वन साइट‘ स्थल का शुभारंभ भी होगा।
मुख्य वन संरक्षक सुनील चिद्री ने बताया कि राजस्थान में पहली बार उदयपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और सिरोही में चंदन वन विकसित किए जा रहे हैं। इन जिलों में कुछ साईटों की भौगौलिक परिस्थिति चन्दन के पौधारोपण हेतु अनुकूल है। प्रत्येक स्थल पर 11-11 हजार चंदन पौधों का रोपण किया जाएगा। चंदन के पौधों के साथ उनके विकास के लिए आवश्यक होस्ट प्रजातियों जैसे नीम, करौंदा, अरहर, सहजन, शीशम एवं मेहंदी के पौधे भी लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि चंदन वन की स्थापना से राज्य की जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
राज्य स्तरीय वन महोत्सव में राजस्थान सरकार के मंत्रीगण, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, वन सुरक्षा एवं प्रबंध समितियों के सदस्य, पर्यावरण क्षेत्र से जुड़े गैर-सरकारी संगठनों, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, वन मित्र तथा विद्यार्थी भाग लेंगे।