कोटा। नगर निगम कोटा की अतिक्रमण शाखा में प्रतिनियुक्ति पर तैनात पुलिसकर्मियों को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। प्राप्त सूत्रों के अनुसार संबंधित पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति अवधि जुलाई 2025 में पूरी हो चुकी थी, लेकिन इसके बाद भी उनके निगम में तैनात रहने को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं। खास बात यह है कि वर्ष 2025-26 में प्रतिनियुक्ति अवधि बढ़ाने संबंधी कोई नया आदेश जारी हुआ है या नहीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
नगर निगम उत्तर कोटा ने 27 जून 2025 को पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय राजस्थान जयपुर को पत्र भेजकर संबंधित पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति अवधि आगे बढ़ाने का अनुरोध किया था। पत्र में स्पष्ट उल्लेख है कि वर्ष 2021 में दो वर्ष के लिए प्रतिनियुक्ति की गई थी। 3 जून 2024 के आदेश से बढ़ाई गई चौथे वर्ष की अवधि जुलाई 2025 में समाप्त होनी थी।
अब असली सवाल—2025 के बाद किस आदेश से तैनाती?
मामले में सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत नगर निगम से पूरी जानकारी मांगी जाएगी। इसमें वर्तमान में अतिक्रमण शाखा में तैनात पुलिसकर्मियों के नाम, पद, मूल पदस्थापन, प्रतिनियुक्ति आदेश, अवधि और वर्तमान तैनाती का आधार पूछा जाएगा।
साथ ही यह भी स्पष्ट करने की मांग होगी कि जुलाई 2025 के बाद यदि प्रतिनियुक्ति बढ़ाई गई है तो आदेश संख्या और दिनांक क्या है? उसकी प्रमाणित प्रति भी उपलब्ध कराई जाए। यदि ऐसा कोई आदेश नहीं है तो फिर पुलिसकर्मी नगर निगम की अतिक्रमण शाखा में किसकी अनुमति और किस अधिकार के तहत कार्य कर रहे हैं?
आयुक्त से लेकर पुलिस मुख्यालय तक उठे सवाल मामले में नगर निगम आयुक्त, जिला पुलिस अधीक्षक कोटा शहर तथा पुलिस मुख्यालय राजस्थान जयपुर से सख्त संज्ञान लेकर रिकॉर्ड की जांच और स्थिति स्पष्ट करने की मांग की जा रही है। सवाल यह भी है कि प्रतिनियुक्ति अवधि समाप्त होने के बाद संबंधित कर्मचारियों की तैनाती जारी रहने पर जिम्मेदारी किसकी है?
अब आरटीआई के जरिए सामने आने वाली जानकारी से यह साफ होगा कि अतिक्रमण शाखा में तैनात पुलिसकर्मियों की वर्तमान नियुक्ति वैध आदेश के आधार पर है या फिर पुरानी प्रतिनियुक्ति के सहारे ही तैनाती जारी है।