जयपुर |   सप्त शक्ति कमान द्वारा 11 एवं 12 मई 2026 को बठिंडा मिलिट्री स्टेशन स्थित सगत सिंह ऑडिटोरियम में अधिकारियों, सैनिकों एवं उनके परिवारों के लिए दो दिवसीय “ऑगमेंटेड वेलनेस” सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। इस सेमिनार में 2500 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य समग्र स्वास्थ्य, मानसिक दृढ़ता एवं ऑपरेशनल तत्परता को सुदृढ़ करना था। इस अवसर पर 11 विशिष्ट वक्ताओं ने अपने बहुमूल्य अनुभव एवं विचार साझा किए।

      लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह, आर्मी कमांडर, सप्त शक्ति कमान ने ‘प्रिज़्म ऑफ मिलिट्री लाइफ’ विषय पर एक प्रेरणादायी व्याख्यान दिया। प्रतिष्ठित वक्ताओं ने विषय के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला, जिसमें लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोटवाल (सेवानिवृत्त) ने ‘द पैराडॉक्स ऑफ अ फिट सोल्जर’ विषय पर अपने अनुभव साझा किए। लेफ्टिनेंट जनरल डी पी पांडे (सेवानिवृत्त) ने ‘फॉस्टरिंग ऑर्गेनाइजेशनल क्लाइमेट’ विषय पर विचार व्यक्त किए, जबकि कर्नल गोपाल करुणाकरण (सेवानिवृत्त) ने ‘फोर्ज्ड बाय द यूनिफॉर्म’ विषय पर प्रेरणादायी संबोधन दिया।

      विभिन्न क्षेत्रों के विषय विशेषज्ञों (SMEs) ने भी सेमिनार को संबोधित किया। सुश्री रचना रानाडे, चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं वित्तीय नियोजन विशेषज्ञ ने ‘फाइनेंशियल एस्पिरेशन एंड मैनेजमेंट फॉर सोल्जर्स’ विषय पर व्याख्यान देते हुए वित्तीय साक्षरता एवं भविष्य की योजना के महत्व को रेखांकित किया। डॉ सीमाराव, कमांडो प्रशिक्षक एवं शारीरिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ ने ‘बिल्डिंग अ रेजिलिएंट वॉरियर’ विषय पर मानसिक दृढ़ता एवं युद्धक तैयारी के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। श्री रयान फर्नांडो, नूट्रिशनिस्ट, ने ‘फ्यूल फॉर बॉडी, फिट फॉर लाइफ’ विषय पर स्वस्थ जीवन शैली एवं संतुलित पोषण के महत्व पर प्रकाश डाला।

      यह सेमिनार सैनिकों एवं उनके परिवारों के मध्य समग्र स्वास्थ्य एवं कल्याण की संस्कृति को बढ़ावा देने हेतु सप्त शक्ति कमान के सतत प्रयासों का एक महत्वपूर्ण भाग है। सेना की कार्य शैली एवं मूल्यों में मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन एवं वेलनेस को समाहित कर यह पहल एक अधिक दृढ़, समन्वित एवं ऑपरेशनल रूप से प्रभावी बल के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह प्रयास सैनिकों के मनोबल एवं प्रेरणा को सुदृढ़ करते हुए प्रभावी फोर्स प्रिजर्वेशन तथा राष्ट्रीय सुरक्षा को और अधिक मजबूत करेगा।

Source: