उदयपुर। किशनपोल नवयुवक मंडल, उदयपुर द्वारा आयोजित हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 36 वाँ श्री गणपति महोत्सव एवं सांस्कृतिक समारोह 2025 का आयोजन कल से प्रारंभ होगा। अध्यक्ष, नारायण लाल सालवी ने बताया कि किशनपोल सालवी कॉलोनी, खांजीपीर में स्थित श्री सर्व सिद्धि विनायक मंदिर पर भव्य लाइटिंग डेकोरेशन एवं सजावट की जा रही है । मंदिर में मूर्ति की भव्य आगी की गई है। मंदिर के प्रांगण में 54 फीट ऊंचे भव्य पंडाल का कार्य अंतिम चरण में है। कल 27 अगस्त 2025 को गणेश चतुर्थी के दिन प्रातः 9.15 बजे श्री गणपति जी की सवा सात फीट की ऊंची ओर भव्य मूर्ति की विशेष आंगी ओर सजावट कर सेलिब्रेशन मॉल, भुवाणा से भव्य शोभायात्रा के रूप में किशनपोल पहुंचेगी । कल भव्य शोभायात्रा में 30 दो पहिया वाहन, 10 कारे और ढोल नगाड़ों के साथ सभी मंडल के करीब 100 सदस्य वहां से शोभायात्रा के रूप में निकलेंगे। शोभायात्रा सेलिब्रेशन मॉल, भुवाणा से प्रारंभ होकर फतेहपुरा चौराहा,  सुखाड़ीया सर्किल, कोर्ट चौराहा, दिल्लीगेट, सूरजपोल से होती हुई किशनपोल सालवी कॉलोनी स्थित सर्व श्री सिद्धि विनायक मंदिर पहुंचेगी। उसी प्रांगण में बन रहे 54 फीट ऊंचे भव्य पंडाल में शाम 7=15 बजे पूर्ण विधि विधान से इस मूर्ति की स्थापना की जाएगी। रात्रि भजन संध्या का आयोजन रखा गया है।