उदयपुर। श्री मेवाड़ जैन श्वेताम्बर तेरापंथी कॉन्फ्रेंस के वर्ष 2026-28 के अध्यक्ष पद पर धीरेंद्र मेहता को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इस घोषणा के साथ ही समाज में उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिला। मुख्य निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र कच्छारा ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए कुल चार नामांकन प्राप्त हुए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा से पूर्व अन्य तीन प्रत्याशियों द्वारा नाम वापस लेने के कारण धीरेंद्र मेहता का निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित हुआ।
धीरेंद्र मेहता आगामी दो वर्षों तक संस्था के अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। वे पिछले करीब एक दशक से संस्था शिरोमणि केंद्रीय महासभा से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं और विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए अपनी कार्यकुशलता एवं नेतृत्व क्षमता का परिचय दे चुके हैं। उनके अनुभव और संगठनात्मक समझ को देखते हुए समाजजनों ने उनके नेतृत्व पर विश्वास जताया है।
निर्वाचन के बाद मेहता ने कहा कि वे केंद्र से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। साथ ही संस्था की परंपराओं एवं वर्षों से संचालित सामाजिक-धार्मिक गतिविधियों को पूर्ववत गति के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने समाज में एकता, सहयोग और युवा सहभागिता को बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया।
समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने धीरेंद्र मेहता के निर्विरोध निर्वाचन को संगठन की एकजुटता और विश्वास का प्रतीक बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।