उदयपुर |  हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने इसे सामाजिक भेदभाव और छुआछूत की मानसिकता से जोड़ते हुए भाजपा पर निशाना साधा है।

शर्मा ने कहा कि भाजपा की राजनीति में नफरत और विभाजन की सोच को बढ़ावा देने के आरोप लगातार लगते रहे हैं और ऐसी मानसिकता से ऊपर उठने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सभ्य समाज में किसी व्यक्ति की जाति, वर्ग या सामाजिक पहचान के आधार पर भेदभाव करना अथवा किसी स्थान का कथित ‘शुद्धिकरण करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी सोच को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

शर्मा ने कहा कि भाजपा इस पूरे मामले से अपना पल्ला नहीं झाड़ सकती। उन्होंने कहा कि जिस संगठन से कथित रूप से यह गतिविधि करने वाले लोगों के जुड़े होने की बात सामने आ रही है, उसे भाजपा का सहयोगी संगठन बताया जा रहा है। ऐसे में भाजपा को इस मामले पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

शर्मा ने कहा कि किसी व्यक्ति की जाति या सामाजिक पहचान के आधार पर भेदभाव करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सभ्य समाज में छुआछूत और घृणा की मानसिकता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि भाजपा का इस घटना से कोई संबंध नहीं है, तो सरकार और प्रशासन को मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। यह केवल किसी राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि सामाजिक समानता, सम्मान और संविधान के मूल्यों से जुड़ा विषय है।

शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ऐसी भेदभावपूर्ण मानसिकता का विरोध करती है और सरकार से इस मामले में स्पष्ट जवाब एवं उचित कार्रवाई की मांग करती है।