उदयपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को टाउन हॉल स्थित शहीद स्मारक पर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत वातावरण में कैंडल मार्च का आयोजन किया गया।
उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा एवं जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल के नेतृत्व में प्रशासनिकअधिकारियों-कर्मचारियों तथा आमजन ने कैंडल मार्च निकालकर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया।कैंडल मार्च के दौरान उपस्थित लोगों ने हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर शहीद स्मारक की परिक्रमा की और राष्ट्र की स्वतंत्रता एवं अखंडता के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
पूरा परिसर देशभक्ति के नारों और भावनाओं से गूंज उठा। इस अवसर पर विधायक फूलसिंह मीणा ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग एवं बलिदान की बदौलत आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।
उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस को उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाएं तथा अपने-अपने घरों पर तिरंगा अवश्य फहराएं।विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस प्रदर्शनी का किया अवलोकनकैंडल मार्च के पश्चात विधायक फूलसिंह मीणा एवं जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने शहीद स्मारक स्थित हॉल में आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित भारत विभाजन से जुड़े छायाचित्रों, ऐतिहासिक दस्तावेजों एवं अन्य सामग्री के माध्यम से उस दौर की घटनाओं और आमजन द्वारा झेली गई पीड़ा एवं कठिनाइयों की जानकारी ली।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) जितेंद्र ओझा सहित प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।