उदयपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से प्राधिकरण अध्यक्ष तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश ज्ञान प्रकाश गुप्ता के निर्देश पर अनुष्का एकेडमी में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित हुआ।
शिविर में प्राधिकरण सचिव राहुल चैधरी ने छात्र-छात्राओं को एंटी रैगिंग एवं इससे संबंधित कानूनों तथा नालसा हेल्पलाइन 15100 के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। श्री चैधरी ने विद्यार्थियों को एंटी रैगिंग के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि रैगिंग केवल अनुचित व्यवहार नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास एवं भविष्य को प्रभावित करने वाला गंभीर अपराध है। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं आपसी सम्मान के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि “सफल वही व्यक्ति होता है, जो स्वयं के साथ-साथ दूसरों की भावनाओं का भी सम्मान करना सीखता है।” कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्रशासनिक सेवाओं, करियर निर्माण एवं सफलता से जुड़े विभिन्न प्रश्न उत्साहपूर्वक पूछे। अनुष्का ग्रुप के निदेशक राजीव सुराणा ने स्वागत किया। संतोष मेनारिया ने विद्यार्थियों को “राजकॉप सिटीजन एप” की जानकारी देते हुए सुरक्षा एवं जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन कृतिका शर्मा द्वारा किया गया।