उदयपुर। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, गश्त, रेड की प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में अवैध मदिरा जब्त करते हुए वाॅश नष्ट कर अभियोग दर्ज किए गए।

1972 अभियोग दर्ज, 900 हुए गिरफ्तार
आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देषन में प्रदेश में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत एक मई से 28 मई 2026 तक विभिन्न कार्रवाई के तहत 1972 अभियोग दर्ज किए गए है। प्रदेश में देशी मदिरा 19 लाख 1103 रूपए लागत की 7044 लीटर, भारत निर्मित विदेशी मदिरा 3 करोड़ 90 लाख 32 हजार 219 रूपए की 38943 लीटर, बीयर 44 लाख 38 हजार 393 रूपए की 19743 लीटर, स्प्रिट 30 लीटर एवं हथकड़ शराब 13025 लीटर जब्त की गई है। इसी क्रम में वाॅश 5 लाख 33 हजार 614 लीटर नष्ट किया गया है। प्रदेश में अभियान के दौरान बडे वाहन 7, हल्के चार पहिया वाहन 12, तिपहिया वाहन एक एवं दुपहिया वाहन 65 सहित 85 वाहन जब्त करते हुए 900 व्यक्तियों का गिरफ्तार किया गया है।

ईपीएफ दलों की कार्रवाई
आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में अवैध शराब के विरूद्ध अभियान के तहत आबकारी निरोधक दलों द्वारा प्रदेश में गश्त, नाकाबंदी, दबिश की कार्रवाई जारी है। इसके तहत पाली में आबकारी निरोधक दल एवं रेलवे पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 3 बेग से अंग्रेजी मदिरा बरामद कर अभियोग दर्ज किए। झालावाड़ में आबकारी सर्किल चैमहला में दबिश की कार्रवाई कर 8 हजार लीटर वाॅश एवं मदिरा भट्टी को नष्ट किया। मौके से 170 लीटर अवैध हथकड़ शराब भी बरामद की गई। दौसा एवं बांदीकुई के रामगढ़ पचवारा के संवेदनषील गांवों में दबिश की कार्रवाई करते हुए 4 हजार लीटर वाॅश सहित 5 भट्टियां नष्ट की गई। मौके से 72 लीटर अवैध हथकड़ शराब भी बरामद की गई।
इसी प्रकार प्रदेश के समस्त जिलों में भी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, दबिश व सघन गश्त की जा रही है। प्रदेश में समस्त अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक एवं आबकारी निरोधक दल द्वारा अवैध मदिरा के विरूद्ध जीरो टोलरेंस की नीति के तहत कार्यवाही की जा रही है।