उदयपुर। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने शुक्रवार को ऋषभदेव पंचायत समिति की ग्राम पंचायत भूधर में आयोजित रात्रि चैपाल में ग्रामीणों की परिवेदनाएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने पेयजल, विद्युत, सड़क तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दे जिला कलेक्टर के समक्ष रखे।
विभागवार समस्याओं पर की चर्चा
रात्रि चैपाल के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली आपूर्ति समेत क्षेत्र से संबंधित विभिन्न परिवाद जिला कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किये। जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक परिवेदना को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रशासन गांवों तक पहुंचकर आमजन की समस्याओं का समाधान कर रहा है तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।
चौपाल में उपस्थित अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस दौरान ग्रामीणों को वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं अन्य योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक नानालाल अहारी, एसीईओ जिला परिषद विरमा राम, ऋषभदेव एसडीएम रामकरण सिंह, तहसीलदार आशीष सोनी, बीडीओ पंकज आर्य सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं उपखण्ड स्तरीय अधिकारी, पंचायत समिति एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।