उदयपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव एडीजे राहुल चौधरी ने शुक्रवार को केंद्रीय कारागृह एवं महिला जेल का साप्ताहिक निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और विधिक सहायता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी।
बंदियों को योजनाओं के प्रति किया जागरूक
निरीक्षण के दौरान सचिव चौधरी ने केंद्रीय कारागृह उदयपुर में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सहायता, अपील प्रक्रिया, चिकित्सा सुविधा, भोजन, नाश्ता, मुलाकात व्यवस्था तथा एसटीडी सुविधा सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही बंदियों की मूलभूत आवश्यकताओं और समस्याओं के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की।
नालसा हेल्पलाइन और लीगल एड योजनाओं की दी जानकारी
निरीक्षण के दौरान एडीजे चौधरी ने बंदियों को अपील संबंधी अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विशेष रूप से अवगत कराया। साथ ही नाल्सा हेल्पलाइन 15100,पोर्टल, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल योजना, लीगल एड क्लिनिक तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया।