उदयपुर। सोजतिया द्वारा संचालित नीरजा मोदी स्कूल में आयोजित दस दिवसीय समर कैंप का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ सफलतापूर्वक समापन हुआ। कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने कला, विज्ञान, खेल, संगीत, नृत्य और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विविध गतिविधियों में भाग लेकर अपने कौशल को निखारा तथा नई-नई जानकारियां हासिल कीं।
समर कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच, शारीरिक दक्षता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना था। इसी क्रम में कला एवं प्रकृति से संबंधित गतिविधियों के तहत वॉल आर्ट, जार सजावट, टेराकोटा प्लेट्स, टिशू पेपर प्लांट्स और नेचर स्केचिंग का प्रशिक्षण दिया गया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
संगीत, नृत्य और नाट्य गतिविधियों में एक्शन सॉन्ग्स, ग्रुप डांस, डंब शराड्स, वॉइस मॉड्यूलेशन और माइम जैसी विधाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अभिव्यक्ति और मंचीय कौशल विकसित करने का अवसर मिला। वहीं खेल एवं ब्रेन गेम्स में रिले रेस, योगा, कैलिस्थेनिक्स, टेंग्राम पजल्स और रिवर्स स्ट्रूप चैलेंज जैसी गतिविधियों ने बच्चों की शारीरिक और मानसिक क्षमता को नई दिशा दी।
विज्ञान एवं अंतरिक्ष विषय पर आयोजित विशेष सत्र कैंप का प्रमुख आकर्षण रहे। इसमें पॉप्सिकल टावर, माइक्रोस्कोप एक्सप्लोरेशन, लावा लैंप, सौर मंडल और चलते हुए अंतरिक्ष यात्री के मॉडल के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान और तकनीक की रोचक एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
संस्था के चेयरपर्सन डॉ. महेंद्र सोजतिया ने समर कैंप की सफलता पर सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अवकाश के समय का रचनात्मक उपयोग बच्चों के व्यक्तित्व विकास और ज्ञानवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं संस्था की निर्देशिका साक्षी सोजतिया ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस कैंप ने बच्चों को सीखने, समझने और अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान किया है।
समर कैंप के ग्रैंड फिनाले में विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी सभी ने सराहना की। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उत्साह और सहभागिता का सम्मान किया गया