उदयपुर। समाज के मानसिक रूप से अस्वस्थ, निराश्रित एवं वंचित व्यक्तियों के पुनर्वास और देखभाल के लिए समर्पित आशा धाम, हवाला खुर्द में सत् फाउंडेशन द्वारा निर्मित नवीन एवं पूर्णतः सुसज्जित भवन का लोकार्पण शुक्रवार को जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर कलक्टर ने भवन का उद्घाटन कर आशा धाम की संस्थापिका स्वर्गीय सिस्टर डेमियन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए कलक्टर गौरव अग्रवाल ने आशा धाम द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के कमजोर, असहाय और उपेक्षित वर्गों के लिए कार्य करने वाली संस्थाएं मानवता की सच्ची मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं।
सत् फाउंडेशन की स्थापना श्रीमती शहनाज दाऊद अली ने अपने स्वर्गीय पुत्र ताहा की स्मृति में की थी। फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक उत्थान और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों का संचालन कर रहा है। इसी कड़ी में आशा धाम के लिए यह आधुनिक भवन निर्मित कर समर्पित किया गया है।
नवनिर्मित भवन में 23 कमरे, तीन विशाल हॉल तथा एक आधुनिक रसोईघर का निर्माण किया गया है। भवन को पूरी तरह उपयोग के लिए तैयार करते हुए फाउंडेशन ने फर्नीचर, बर्तन, वाटर कूलर, वाशिंग मशीनें, डाइनिंग टेबल, कुर्सियां और अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री उपलब्ध करवाई है। इस प्रकार भवन को पूर्णतः सुसज्जित एवं रेडी-टू-मूव स्वरूप में आशा धाम को सौंपा गया।
सत् फाउंडेशन के ट्रस्टी मुस्लिम अली बंदूकवाला एवं राजेन्द्र हेड़ा ने बताया कि यह भवन वृद्धजनों, मानसिक रूप से अस्वस्थ, निराश्रित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों के आवास, देखभाल और पुनर्वास के लिए उपयोग में लिया जाएगा।
भवन निर्माण कार्य को सफलतापूर्वक पूरा कराने में संजय बोलिया, नरेन्द्र भाणावत, शुभम तापड़िया तथा ठेकेदार भीम सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। निर्माण के लिए प्रारंभिक एवं उल्लेखनीय सहयोग प्रदान करने वाली श्रीमती सुधा जैन के प्रति भी संस्था ने विशेष आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि आशा धाम की स्थापना स्वर्गीय सिस्टर डेमियन ने की थी, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन मानसिक रूप से अस्वस्थ और निराश्रित लोगों की सेवा को समर्पित कर दिया। आज आशा धाम उनके सेवा और समर्पण के मिशन को आगे बढ़ाते हुए अनेक जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई आशा का संचार कर रहा है।
समारोह में बिशप स्वामी देव प्रसाद गणावा, श्रीमती सुधा जैन, पूर्व संयुक्त निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मांधाता सिंह राणावत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में आशा धाम की अध्यक्षता सिस्टर जोईसी, सिस्टर डेनिसा और शैलेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संचालन मोहन गिरी गोस्वामी ने किया जबकि अंत में सिस्टर डेनिसा ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं और दानदाताओं का आभार व्यक्त किया।
सत् फाउंडेशन ने विश्वास जताया कि यह नया भवन समाज के असहाय, मानसिक रूप से अस्वस्थ और वंचित लोगों की सेवा, देखभाल एवं पुनर्वास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए मानवीय सेवा के अभियान को नई दिशा प्रदान करेगा।
Udaipur
ताहा की स्मृति में मानवता को समर्पित सेवा का नया अध्याय
सत् फाउंडेशन द्वारा निर्मित पूर्णतः सुसज्जित ‘आशा धाम’ भवन का लोकार्पण, निराश्रितों और मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों को मिलेगा सुरक्षित आश्रय
Related stories
Independence Day Celebrations at City Palace Museum Blend Heritage, Music and Local Food Traditions
Udaipur: On the occasion of Independence Day, the Maharana of Mewar Charitable Foundation is organising a ser…
Disability Employees Thank BJP Government, Including Satish Poonia, Iqbal Khan and Chandrashekhar
Banswara: Representatives of the Rajasthan Divyang Utthan Samiti, Udaipur, and the All Rajasthan Divyang Empl…
A Wasted Monsoon Session: Democracy Needs Debate, Not Deadlock
How long will the erosion of parliamentary decorum continue? When will we develop the maturity to make produc…
From Self-Reliance to a Developed India: The Flight of Freedom
August 15 is a glorious day in India’s national life—the day when, after a long night of subjugation, the sun…