उदयपुर। युवाओं को रोजगार के लिए आवश्यक व्यावहारिक कौशल प्रदान करने और उन्हें उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से टीमलीज डिजिटल एवं बजाज फिनसर्व के सहयोग से निःशुल्क प्लेसमेंट-लिंक्ड कौशल विकास कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। कार्यक्रम का प्रशिक्षण साझेदार अरहम एकेडमी, उदयपुर है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को हाउसिंग फाइनेंस एवं जनरल इंश्योरेंस जैसे विशेष क्षेत्रों में उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी देने के बजाय व्यावहारिक ज्ञान, कार्यस्थल पर आवश्यक कौशल और रोजगार के लिए जरूरी दक्षताओं से लैस करना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को उद्योग आधारित प्रशिक्षण, विशेषज्ञों से मार्गदर्शन तथा प्रमुख कंपनियों में प्लेसमेंट के लिए सहायता प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के लिए 21 से 30 वर्ष की आयु के युवा पात्र हैं। इसके साथ ही स्नातक के अंतिम वर्ष में अध्ययनरत विद्यार्थी भी इसमें भाग ले सकते हैं। सीमित सीटों के कारण इच्छुक अभ्यर्थियों से शीघ्र नामांकन कराने की अपील की गई है।
अरहम एकेडमी, उदयपुर के प्रतिनिधियों ने बताया कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक रोजगार बाजार में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं के पास उद्योग की आवश्यकता के अनुरूप व्यावहारिक कौशल होना भी जरूरी है। यह कार्यक्रम युवाओं को "सीखें, कुशल बनें और रोजगार प्राप्त करें" की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
इसके साथ ही अरहम एकेडमी, उदयपुर कौशल विकास के क्षेत्र में युवाओं एवं विद्यार्थियों को बेसिक कंप्यूटर, टैली, डिजिटल मार्केटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्राफिक डिजाइनिंग सहित विभिन्न रोजगारपरक एवं व्यावहारिक पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण प्रदान कर रही है। प्रशिक्षण के पश्चात विद्यार्थियों को रोजगार एवं प्लेसमेंट के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग भी उपलब्ध कराया जाता है।