उदयपुर। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार प्रदेश मंे निकाय चुनाव आदर्श आचार संहिता के तहत अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए जारी निरोधात्मक गतिविधियों के तहत उदयपुर के शौभागपुरा से भुवाणा रोड़ स्थित ड्यून रेस्टोरेन्ट पर दबिश की कार्रवाई में 17 बोतल विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब जब्त करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।

आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में जीरो टाॅलरेंस की नीति अपनाते हुए अन्य राज्य की शराब की तस्करी, अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन व विक्रय पर आबकारी निरोधक टीमों द्वारा प्रभावी कार्यवाही जारी है।

इसी के तहत अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रदीप सिंह सांगावत, अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन प्रभा गौतम एवं उपायुक्त ईपीएफ प्रद्युम्न सिंह चुण्डावत के सुपरविजन में सोमवार को मुखबिर से प्राप्त विश्वसनीय सूचना पर आबकारी अधिकारी निरोधक दल उदयपुर विकास बिठू के नेतृत्व में प्रहराधिकारी दौलत सिंह ने मय जाब्ता ड्यून रेस्टोरेन्ट शौभागपुरा से भुवाणा रोड़ उदयपुर पर दबिश दी।

कार्रवाई के तहत जांच करने पर गैर लाईसंेसी रेस्टोरेन्ट से 17 बोतल 750 एमएल विभिन्न ब्रांड की इम्पोर्टेड अंगे्रजी शराब जब्त की गई। इनमें से 12 बोतल राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब एवं 5 बोतल दिल्ली, हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब की बरामद की।

बरामद मदिरा की 17 बोतल में से 12 बोतल लूज अथवा खुली अवस्था में थी इनमे से 5 बोतल दिल्ली - हरियाणा निर्मित शराब थी जिनमें से दो लूज अथवा खुली हुई थी।

मौके से अभियुक्त कृपाल सिंह निवासी मीरानगर सुखेर को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया। आबकारी अधिकारी निरोधक दल उदयपुर विकास बिठू ने बताया कि उक्त रेस्टोरेन्ट का संचालक भवानी सिंह फरार है जिसे गिरफ्तार किया जाना है।

कार्रवाई में जब्त 17 बोतल इम्पोर्टेड शराब में ग्लेनलीवेट, मंकी शोल्डर, गे्र गूस, डेवार्स जैसे इम्पोर्टेड ब्रांड की मदिरा शामिल है। प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान जारी है।

इस कार्रवाई में आबकारी दल के सिपाही सुखवीर सिंह व श्रवण विश्नोई का सहयोग रहा।