उदयपुर। सुरीला उदयपुर संगीत समूह की ओर से रविवार, 23 अगस्त 2026 को सेक्टर-14 स्थित सीए सर्कल, अपोलो मेडिकल स्थित सभागार में मनपसंद गीतों का सुरमयी कार्यक्रम सानंद सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत समूह संयोजिका मधु केवल्या ने उपस्थित सभी गायक कलाकारों के साथ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं वंदना के साथ की।

कार्यक्रम में 30 से अधिक सुर साधकों ने सदाबहार हिंदी फिल्मी गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं का मन मोह लिया। अलग-अलग दौर के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियों से पूरा सभागार संगीत की मधुर स्वर-लहरियों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का संचालन विजय सिंह एवं बी.एल. चौहान ने प्रभावी ढंग से किया। अंत में कैलाश केवल्या ने सभी गायक कलाकारों एवं उपस्थित संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में संगीत प्रेमियों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम ने सदाबहार नगमों के माध्यम से संगीत प्रेमियों को यादगार और आनंदमय अनुभव प्रदान किया।