उदयपुर। भारत विकास परिषद मेवाड़ शाखा उदयपुर की ओर से सेक्टर 14 स्थित विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय में शाखा स्तरीय भारत को जानो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

वरिष्ठ एवं कनिष्ठ दोनों वर्गों में आयोजित इस प्रतियोगिता में 10 विद्यालयों के कुल 38 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, इतिहास एवं सामान्य ज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।संस्कार संयोजक डॉ. योगेश ज्यानी ने बताया कि वरिष्ठ वर्ग में गुरुकुल उच्च माध्यमिक विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

राष्ट्र भारती एकेडेमी उच्च माध्यमिक विद्यालय ने द्वितीय तथा सैंट जोसफ माध्यमिक विद्यालय ने तृतीय स्थान हासिल किया।कनिष्ठ वर्ग में विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय प्रथम रहा।

राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय, गोखरमगरी ने द्वितीय तथा राष्ट्र भारती एकेडेमी उच्च माध्यमिक विद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।राष्ट्रीय सहसंयोजक सेवा गतिविधि डॉ. जयराज आचार्य, क्षेत्रीय संयोजक संपर्क गतिविधि संजीव भारद्वाज एवं वरिष्ठ सदस्य हरिशंकर तिवारी ने कार्यक्रम में सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने सामान्य ज्ञान आधारित इस प्रतियोगिता को विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की पूर्व तैयारी का उपयोगी माध्यम बताते हुए आयोजकों को अगले वर्ष अधिक विद्यालयों को जोड़ने का आग्रह किया।मेवाड़ शाखा अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिंह सिसोदिया ने कहा कि नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों का पोषण करने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद प्रतिवर्ष भारत को जानो प्रतियोगिता आयोजित करती है।

उन्होंने बताया कि शाखा के कार्यकर्ताओं ने पिछले तीन माह से विद्यालयों से संपर्क कर विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के लिए तैयार किया।

इसके लिए सभी कार्यकर्ता एवं विद्यालय बधाई के पात्र हैं।शाखा सचिव एडवोकेट संजय मेहता ने बताया कि वरिष्ठ एवं कनिष्ठ दोनों वर्गों की विजेता टीमें आगामी 27 सितंबर 2026 को चित्तौड़गढ़ जिले में आयोजित होने वाली प्रांत स्तरीय भारत को जानो प्रतियोगिता में अपने विद्यालयों का प्रतिनिधित्व करेंगी।

कार्यक्रम के सफल संचालन में शीला रावत, श्रीमती सुनंदा भारद्वाज, श्रीमती शिल्पी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष महेंद्र पालीवाल, चंद्रकांत पालीवाल एवं नितेश अग्रवाल का सहयोग रहा।