श्रीगंगानगर। राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के सादुलशहर आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं।
गुरुवार को उपखण्ड अधिकारी श्री संजय कुमार ने जिला पुलिस-प्रशासन एवं सादुलशहर विधायक श्री गुरवीर सिंह बराड़ के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।इस दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने राजकीय उप जिला चिकित्सालय, बस स्टैंड और मुख्य बाजार सहित मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम एवं तिरंगा यात्रा से जुड़े मार्गों का निरीक्षण किया।
शहर में प्रशासनिक हलचल देखकर आमजन के बीच भी मुख्यमंत्री के आगमन की चर्चा रही।माननीय मुख्यमंत्री शुक्रवार को सादुलशहर पहुंचेंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री राजकीय उप जिला चिकित्सालय परिसर में करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए भवन का शिलान्यास करेंगे।
इसके बाद वे विधायक गुरवीर सिंह बराड़ द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे।मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम भी पूरे जोर-शोर से चल रहा है।
सड़कों एवं नालियों की विशेष सफाई के साथ ही विभिन्न स्थानों पर सड़कों के गड्ढे भरने का काम किया गया।मुख्यमंत्री की मौजूदगी वाले कार्यक्रम स्थल तथा तिरंगा यात्रा के निर्धारित मार्ग पर विशेष सफाई की जा रही है।
इसके साथ ही बड़े-बड़े बैनर, होर्डिंग्स और सजावट का काम भी जारी है।निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव, जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरिशंकर, पुलिस उपाधीक्षक श्री भूपेंद्र सोनी, अधिशासी अधिकारी श्री नरेंद्र चौधरी, थाना प्रभारी श्री मलकीयत सिंह मान, श्री अमन मक्कड़, श्री विकास बजाज सहित अन्य उपस्थित रहे।