उदयपुर। संस्कृतभारती, उदयपुर की ओर से विश्व संस्कृत दिवस के अवसर पर आयोजित संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों का भव्य समापन 28 सितंबर 2026, सोमवार को मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के बप्पा रावल सभागार में होने वाले संस्कृत सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह के साथ होगा।

महानगर मंत्री नरेंद्र शर्मा ने बताया केि समारोह में संस्कृत के प्रति उत्कृष्ट प्रतिभा एवं समर्पण का परिचय देने वाले विद्यार्थियों, संस्कृत अनुरागी समाजजनों को विविध वर्गों में सम्मानित किया जाएगा।

संस्कृत सप्ताह के दौरान आयोजित श्लोक पाठ, संस्कृत समूहगीत एवं श्लोक आधारित चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

समारोह की विशेष उपलब्धि के रूप में संस्कृत विषय में दसवीं बोर्ड परीक्षा में संस्कृत में इस सत्र में शत प्रतिशत अंक (100) पूर्णांक प्राप्त एवं संस्कृत में पीएचडी उपाधि प्राप्त मेधावी छात्रों को महर्षि पाणिनि पुरस्कार एवं संस्कृत भाषा और भारतीय संस्कृति के संवर्धन में विशेष योगदान देने वाली विभूति को 'संस्कृति गौरव सम्मान' प्रदान किया जाएगा।

संस्कृतभारती द्वारा आयोजित यह समारोह केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि संस्कृत के प्रति नई पीढ़ी में बढ़ती रुचि, प्रतिभा और सामाजिक सहभागिता को सामने लाने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।

संस्कृत को जन-जन से जोड़ने का प्रयास। संस्कृत सप्ताह के विविध आयोजनों के समापन अवसर पर होने वाला यह सम्मेलन संस्कृत प्रतिभाओं के सम्मान के साथ समाज में संस्कृत के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्माण का संदेश देगा।