GMCH STORIES

विधान सभा के अमृत महोत्सव में वर्तमान और पूर्व विधायकों का समागम कार्यक्रम

( Read 385 Times)

14 Jul 26
Share |
Print This Page
विधान सभा के अमृत महोत्सव में वर्तमान और पूर्व विधायकों का समागम कार्यक्रम

जयपुर। राजस्थान विधानसभा में 75वें वर्ष पर बुधवार को विधायी गौरव यात्रा वर्तमान और पूर्व विधायकों का समागम कार्यक्रम होगा। स्पीकर वासुदेव देवनानी ने विधानसभा परिसर में मंगलवार को इस अमृत उत्सव के पहले कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। देवनानी ने कार्यक्रम स्थल और उससे संबंधित सभी व्यवस्थाओं को बारिकी से देखा। उन्होंने मौके पर अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से आने वाले पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किये गये है। विशेष रूप से वरिष्ठ एवं वयोवृद्ध पूर्व विधायकों के प्रवास, उनके आवागमन, चिकित्सा संबंधी सभी व्यवस्थाएं की गई है। 

देवनानी ने कहा कि विधानसभा के अमृत उत्सव का यह पहला कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम में विधान सभा के वर्तमान और पूर्व विधायक शामिल होंगे। पूर्व विधायकगण का मंगलवार से जयपुर पहुँचना आरम्भ हो गया है। जयपुर के सर्किट हाउस, डाक बंगला, विधायक आवास गेस्ट हाउस और पंचायतीराज संस्थान के गेस्ट हाउस में ठहरने की व्यवस्था की गई है। राजस्थान से निर्वाचित लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है।

*विधान सभा भवन को रोशनी से सजाया*

अमृत उत्सव की तैयारियां विधान सभा में जोर-शोर से चल रही है। शहर में अतिथियों के स्वागत में होर्डिंग लगाये गये है। राजस्थान विधान सभा भवन को अमृत महोत्सव की पूर्व संध्या पर रोशनी से सजाया गया है। देवनानी ने कहा कि विधान सभा में ऐसा कार्यक्रम पहली बार हो रहा है। यह अनूठा कार्यक्रम ऐतिहासिक और बेजोड़ होगा।

*उप राष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे मुख्य अतिथि*

स्पीकर देवनानी ने कहा कि समारोह में उप राष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे। उपराष्ट्रपति समापन समारोह के मुख्य अतिथि और लोकसभा अध्यक्ष उ‌द्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। समारोह का शुभारम्भ बुधवार को प्रातः 10 बजे से होगा। समापन समारोह इसी दिन सांय 4 बजे होगा। समारोह में राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा अतिविशिष्ट अतिथि होंगे। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ के सचिव संदीप शर्मा भी समारोह में शामिल होंगे।विधान सभा के अमृत काल के इस अद्भुत संगम के दौरान मध्यान्ह में आयोजित होने वाले दो सत्रों में 75 साल में पारित हुए महत्वपूर्ण कानूनों पर चर्चा होगी। इन सत्रों में सोलह पूर्व एवं वर्तमान अनुभवी विधायकगण 24 कानूनों पर चर्चा करेंगे।

*लोकसभा अध्यक्ष बुधवार को जयपुर आयेंगे* 

लोकसभा अध्यक्ष बुधवार को प्रातः 8:15 बजे जयपुर पहुँचेंगे।स्पीकर ओम बिरला जयपुर एयरपोर्ट से लोकभवन जयपुर पहुँचेंगे। लोकसभा अध्यक्ष प्रातः 10:00 बजे विधान सभा पहुँचकर 75वें वर्ष पर आयोजित विधान सभा के वर्तमान और पूर्व विधायकों का समागम कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like