जैसलमेर । राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी नई दिशा दे रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत लाठी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान वन विभाग के सहयोग से ष्एक पेड़ माँ के नामष् अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति ग्रामीणों में नई जागरूकता का संचार किया और इसे जनभागीदारी का सशक्त स्वरूप प्रदान किया।
शिविर प्रभारी एवं तहसीलदार पोकरण प्रीतम सिंह राठौड़ की उपस्थिति में वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामवासियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर ग्रामीणों को वृक्षों के महत्व, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों, भू-जल संरक्षण, स्वच्छ वातावरण तथा हरित भविष्य के निर्माण में पौधों की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनकी नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया। अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लगाए गए प्रत्येक पौधे की सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया।
ग्रामीणों ने कहा कि ष्एक पेड़ माँ के नामष् केवल पौधारोपण का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। अभियान ने ग्राम पंचायत में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार किया और लोगों को हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से संचालित यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनभागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई। साथ ही, सभी ने संकल्प लिया कि हम सभी माँ के सम्मान में एक पौधा अवश्य लगाएंगे, उसकी देखभाल करेंगे और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ भविष्य का निर्माण करेंगे।