जयपुर। खैरथल रेलवे स्टेशन आसपास के क्षेत्रों जैसे किशनगढ बास, तिजारा और खैरथल के यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी पॉइंट है। साथ ही खैरथल अलवर जिले का एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। खैरथल रेलवे स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव दिया गया है। यहां से हजारों यात्री प्रतिदिन यात्रा करते हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत खैरथल स्टेशन का लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया गया है जिससे स्टेशन को आधुनिक और यात्री अनुकूल बनाया गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने बताया कि खैरथल रेलवे स्टेशन के भवन को पुर्ण रूप ये नवीनीकृत किया गया है। अब यह स्टेशन स्थानीय कला और आधुनिक डिजाइन का अनूठा मिश्रण प्रस्तुत करता है तथा स्टेशन भवन में पोर्च का निर्माण किया गया है। सर्कुलेटिंग क्षेत्र में सुविधा क्षेत्र को 1200 वर्ग मीटर से बढाकर 3600 वर्ग मीटर किया गया है तथा अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार का प्रावधान किया गया है। दोपहिया और चैपहिया वाहनों के लिए पृथक पार्किंग का प्रावधान किया गया है। 4.19 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चैड़ा ऊपरी पैदल पुल (एफओबी) का निर्माण किया गया है जिसमें रेम्प और कवरिंग शेड़ का भी प्रावधान किया गया है। मौजूदा प्लेटफॉर्म शेल्टरों मे 150 वर्ग मीटर का विस्तार किया गया है। प्लेटफॉर्मों के 4197 वर्ग मीटर सतह को नवीनीकृत किया गया है। स्टेशन भवन के अन्दर 300 वर्ग मीटर में कलात्मक चित्र बनाये गये है।
खैरथल रेलवे स्टेशन पर नये प्रतीक्षा कक्ष बनाये गये हैं। आधुनिक फिटिंग के साथ मौजूदा शौचालय ब्लॉकों का नवीनीकरण किया गया है। दिव्यांग जनों के लिए विशेष प्रावधान किये गये है जिसमें हेल्प बूथ, शौचालय, वाटर बूथ, रेम्प, टिकट विंडो, साईनेज, कुर्सीयां आदि शामिल हैं।
खैरथल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास से यहां आनेवाले यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी। अब आसपास के क्षेत्र की जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा करने में मदद मिलेगी और इस तरह के परिवहन केंद्र के विकास से आर्थिक अवसरों में और अधिक वृद्धि होगी तथा सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्य विशेषताएँ
सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, अलग-अलग प्रवेश व निकास द्वार, समुचित और पर्याप्त पार्किंग प्रवेश हाल, साइनेज की सुविधा, वेटिंग रूम, स्टेशन बिल्डिंग का नया स्वरूप, प्लेटफार्म शेल्टर तथा दिव्यांगजन सुविधाएं सहित फुट ओवर ब्रिज शामिल है।