श्रीगंगानगर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में शहरी व ग्रामीण सेवा शिविरों का आयोजन सफलतापूर्वक जारी है। सोमवार को जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने श्रीगंगानगर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत 6 एलएनपी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने शिविर प्रभारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों से उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं की जानकारी लेकर निर्देश दिये कि माननीय मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार ग्रामीणों को राहत दी जाये।
जिला कलक्टर ने शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों से संवाद करते हुए जिला कलक्टर द्वारा लाभार्थियों को पट्टा, मिनी किट बीज भी वितरित किये गये। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि शिविरों के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाया जा रहा है। यह राज्य सरकार के सेवा, गुड गर्वनेंस और जनकल्याण की भावना को साकार कर रहा है।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों और कार्मिकों को निर्देशित किया कि माननीय मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का निस्तारण सुनिश्चित किया जाये। पात्र को संबंधित योजना का लाभ दिलाते हुए अधिकतम सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जायें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश वासियों के हितों के लिये प्रतिबद्ध है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का समाधान मौके पर ही सुनिश्चित किया जाये। इस अवसर पर गंगानगर एसडीएम श्री नयन गौतम, जिला परिषद एसीईओ श्री हरीराम चौहान, गंगानगर पंचायत समिति विकास अधिकारी श्री भंवरलाल स्वामी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री विरेन्द्र पाल सिंह शेखो, तहसीलदार श्री रविशंकर सहित अन्य मौजूद रहे।