GMCH STORIES

लोकार्पण पूर्व सेवा भारती प्राकृतिक आरोग्य केन्द्र में निःशुल्क स्वर्ण प्राशन आज 

( Read 413 Times)

14 Jul 26
Share |
Print This Page
लोकार्पण पूर्व सेवा भारती प्राकृतिक आरोग्य केन्द्र में निःशुल्क स्वर्ण प्राशन आज 

उदयपुर, 14 जुलाई। प्राकृतिक चिकित्सा, भारतीय स्वास्थ्य परंपरा और समाज सेवा को समर्पित सेवा भारती प्राकृतिक आरोग्य केन्द्र के लोकार्पण से पूर्व बुधवार को निःशुल्क स्वर्ण प्राशन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में 6 माह की उम्र से 16 वर्ष तक के बच्चों को निःशुल्क स्वर्ण प्राशन ड्रॉप्स पिलाई जाएंगी। इस बीच, 16 जुलाई को होने जा रहे प्राकृतिक आरोग्य केन्द्र के लोकार्पण समारोह की तैयारियां जारी हैं। 

सेवा भारती चित्तौड़ प्रांत के अध्यक्ष विवेक बोहरा ने बताया कि शहर के हरिदासजी की मगरी में स्थापित प्राकृतिक आरोग्य केन्द्र के लोकार्पण कार्यक्रम के क्रम में लोकार्पण से एक दिवस पूर्व निःशुल्क स्वर्ण प्राशन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिज्ञासा आयाम उदयपुर महानगर इकाई के सहयोग से होने वाला यह शिविर प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा। उल्लेखनीय है कि भारतीय चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद में स्वर्ण प्राशन को रोग प्रतिरोधक क्षमता, स्मरण शक्ति व एकाग्रता बढ़ाने में सहायक माना गया है। इससे पाचन शक्ति मजबूत होती है। यह शारीरिक-मानसिक विकास, दीर्घायु व ओज वृद्धि में भी स्वर्ण प्राशन सहायक माना गया है। 

प्रांत अध्यक्ष बोहरा ने बताया कि इसी बीच गुरुवार 16 जुलाई को होने वाले प्राकृतिक आरोग्य केन्द्र के लोकार्पण समारोह की तैयारियां भी जारी हैं। मंगलवार को इस निमित्त हुई बैठक में विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और कार्यकर्ताओं से सभी व्यवस्थाओं को समय पूर्व सुनिश्चित करने के लिए आग्रह किया गया। 

उल्लेखनीय है कि गुरुवार प्रातः 10.30 बजे होने वाले लोकार्पण समारोह के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरकार्यवाह एवं अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश जोशी (भैयाजी) होंगे। मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा रहेंगे। पैसिफिक मेडिकल कॉलेज के अध्यक्ष एवं समाजसेवी राहुल अग्रवाल तथा धरोहर चेरिटेबल फाउंडेशन के निदेशक एवं समाजसेवी संजय सिंघल विशिष्ट अतिथि होंगे। 

पार्किंग व स्वच्छता का पूरा ध्यान 

-कार्यक्रम संयोजक प्रकाश सोनी ने बताया कि समारोह के दौरान पार्किंग व स्वच्छता को लेकर पूरा ध्यान रखा जाएगा। विशेष योग्यजन की सुविधार्थ सेवा भारती प्राकृतिक आरोग्य केन्द्र परिसर में रैम्प का निर्माण भी किया गया है। केन्द्र के आसपास साफ-सफाई के साथ ही सड़क सुधार का कार्य भी किया गया है। 
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like