उदयपुर। हलवाई व्यापार कल्याण संस्था, उदयपुर राजस्थान (रजिस्टर्ड) की ओर से हलवाई व्यापार से जुड़े व्यापारियों के सम्मान में 15 सितम्बर को सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 5 बजे से 100 फीट रोड स्थित अशोका ग्रीन में होगा। समारोह में विप्र फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र पालीवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

संस्था के संस्थापक अध्यक्ष हरीश कुमार भट्ट ने बताया कि सम्मान समारोह को लेकर संस्था के सदस्यों ने विप्र फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र पालीवाल से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारने के लिए आमंत्रित किया। संस्था के सदस्यों के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए नरेंद्र पालीवाल ने समारोह में शामिल होने के लिए अपनी सहमति प्रदान की।

महामंत्री मुकेश माधवानी ने बताया कि समारोह का उद्देश्य हलवाई व्यापार के क्षेत्र में वर्षों से उत्कृष्ट कार्य कर रहे व्यापारियों के योगदान को सम्मान देना है। ऐसे हलवाई व्यापारियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने गुणवत्ता, स्वाद और सेवा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है तथा हलवाई व्यापार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान दिया है।

सचिव रमेश औदीच्य ने बताया कि समारोह में उदयपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से 500 से अधिक हलवाई व्यापारी शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर संस्था की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।

इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष हरीश कुमार भट्ट, उपाध्यक्ष देवीसिंह सिसोदिया, सचिव रमेश औदीच्य, कोषाध्यक्ष राजेश दया, संगठन मंत्री रतन दास, बलवीर सिंह, दिनेश सुथार, शिव शंकर सुथार, सुन्दरलाल भट्ट, भगवती लाल सुथार, प्रकाश भट्ट और दुर्गाशंकर सुथार उपस्थित रहे।