जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में रेल कर्मचारियों, विशेष रूप से लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजरों के कल्याण और सुविधा को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर 80 बेड क्षमता वाले नए रनिंग रूम के निर्माण को मंजूरी प्रदान की गई है।जम्मू मंडल के जनसम्पर्क निरीक्षक श्री राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि जम्मू तवी स्टेशन पर मौजूदा रनिंग रूम काफी पुराना है और पिछले कुछ वर्षों में ट्रेनों की संख्या में वृद्धि तथा कर्मचारियों की बढ़ती संख्या के कारण एक आधुनिक और सुविधाजनक विश्राम गृह की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने इस नई परियोजना को स्वीकृति दी है।जम्मू तवी स्टेशन पर 80 बेड वाले नए रनिंग रूम के साथ-साथ एक एकीकृत क्रू लॉबी का निर्माण भी प्रस्तावित है।
यह नया रनिंग रूम आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जिसमें लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजरों के लिए आरामदायक ठहरने की व्यवस्था, वातानुकूलित कक्ष, स्वच्छ शौचालय, गुणवत्तापूर्ण भोजन की सुविधा तथा शांत वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि ड्यूटी के बाद कर्मचारी उचित विश्राम कर सकें और तरोताजा होकर अपनी अगली ड्यूटी के लिए तैयार हो सकें।यह पहल सुरक्षित रेल संचालन की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है, क्योंकि अच्छी तरह से विश्राम किया हुआ रनिंग स्टाफ ही अपनी ड्यूटी को अधिक सतर्कता और कार्यकुशलता के साथ निभा सकता है।
इससे न केवल कर्मचारियों के मनोबल में वृद्धि होगी, बल्कि रेल संचालन की सुरक्षा और समयपालन में भी सुधार होगा। जम्मू मंडल अपने फ्रंटलाइन कर्मचारियों के कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।