जम्मू। भारतीय रेल में सुरक्षित एवं कुशल रेल संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है, और इसी दिशा में उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल द्वारा एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल की जा रही है।
मंडल में लोको पायलटों के प्रशिक्षण एवं उनकी कार्यकुशलता को और अधिक बेहतर बनाने के उद्देश्य से अत्याधुनिक डेस्कटॉप सिमुलेटर स्थापित किया जाएगा।जम्मू मंडल के जनसम्पर्क निरीक्षक श्री राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि यह सिमुलेटर जम्मू लॉबी में स्थापित किया जाएगा, जिससे जम्मू मंडल के लोको पायलटों को अपने कार्यस्थल पर ही विश्वस्तरीय प्रशिक्षण की सुविधा प्राप्त हो सकेगी।
यह डेस्कटॉप सिमुलेटर एक उन्नत तकनीक पर आधारित प्रशिक्षण प्रणाली है, जिसके माध्यम से लोको पायलटों को वास्तविक परिचालन परिस्थितियों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जा सकेगा।
वास्तविक परिस्थितियों का अनुभव इस सिमुलेटर के माध्यम से लोको पायलटों को विभिन्न प्रकार की ऑपरेशनल परिस्थितियों जैसे घने कोहरे, भारी बारिश, भूस्खलन, सिग्नल फेल्योर जैसी विषम परिस्थितियों का आभासी अनुभव कराया जा सकेगा।
सिमुलेटर में सिग्नलिंग प्रणाली, ब्रेकिंग तकनीक और लोकोमोटिव संचालन का बारीकी से अभ्यास कराया जाएगा, जिससे लोको पायलटों की तकनीकी दक्षता में वृद्धि होगी।
आपातकालीन स्थितियों जैसे ब्रेक फेल, ओवरशूटिंग, ट्रैक पर अचानक बाधा आने पर त्वरित एवं सुरक्षित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में यह सिमुलेटर अत्यंत सहायक होगा।
इससे दुर्घटनाओं की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। वास्तविक लोकोमोटिव पर प्रशिक्षण के दौरान होने वाले ईंधन और संसाधनों की खपत के बिना, इस सिमुलेटर पर बार-बार अभ्यास किया जा सकता है।
यह एक सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल प्रशिक्षण विधि है। यह सुविधा नियमित प्रशिक्षण, रिफ्रेशर कोर्स और नए लोको पायलटों के कौशल विकास को और अधिक प्रभावी बनाएगी।
लोको पायलट अपनी कमियों को पहचान कर उन्हें दूर कर सकेंगे।जम्मू मंडल द्वारा हाल ही में लोको पायलटों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
ऐसे में प्रशिक्षण सुविधाओं को मजबूत करने की यह पहल सुरक्षित एवं कुशल रेल संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। यह पहल न केवल लोको पायलटों के आत्मविश्वास को बढ़ाएगी, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा को भी और अधिक सुनिश्चित करेगी।
जम्मू मंडल भारतीय रेल के ‘‘सुरक्षा सर्वोपरि’’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।