कोटा / बाल मिशन  - 25 के अंतर्गत बाल दिवस पर 14 नवंबर को प्रधानाचार्य डॉ.वैदेही गौतम की  पहल पर  राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सिमलिया ब्लॉक सुल्तानपुर में  आयोजित बाल साहित्य मेले में  ज्ञान वर्धक पुस्तक प्रदर्शिनी आयोजित कर बच्चों को साहित्य से जोड़ने का अभिनव प्रयास किया गया। साथ ही बाल मन के कौशल एवं रूचि का क्रियान्वयन किया गया। 
  पुस्तक प्रदर्शनी में कक्षा 9 से  12 तक की छात्राओं नें 5-5 छात्राओं के ग्रुप बनाकर  कहानी, प्रेरक प्रसंग, महापुरुष, विज्ञान के चमत्कार,शब्द कोश, चित्रकथाऐं , चंपक, देशभक्ति गीत, चुटकुले, पहेलियाँ आदि से संबंधित पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई गई।  एक छात्रा पुस्तक की जानकारी देती है, एक निगरानी करती है, एक पुस्तक पुनः सही जगह जमाती है, एक पढ़ने के लिए अन्य छात्राओं को बुलाती है। सभी छात्राओं और शिक्षकों को बहुत आनंद आया,छोटे- छोटे  बच्चों को भी बहुत मजा आया, सभी बहुत रुचि से एक दूसरे को चित्र दिखा रहे थे, बड़ी छात्राओं नें टोकन लेकर एक- एक घंटे के लिए कहानियों को पढ़कर पुनः लौटाया। पहली बार ऐसे आयोजन की सफलता से प्रधानाचार्य भी हर्षित हुई।
     छात्राओं द्वारा विविध प्रकार के व्यंजन बनाये गए, विज्ञान के प्रयोग से संबंधित खेल खिलाये गए एवं  बाल सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत संगीत कला में भजन गाये, मोनोएक्टिंग की तथा अंत में तम्बाकू निषेध की शपथ ग्रहण की गई। विद्यालय की 300 बालिकाओं  खूब रूचि के साथ भाग लेकर मनोरंजन और ज्ञानवर्धन किया।  
     इस विद्यालय सहित छः विद्यालयों में बाल साहित्य मेले आयोजित कर बच्चों को साहित्य और संस्कृति की जानकारी दी गई तथा वंदेमातरम् प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इनमें  482  छात्र - छात्राओं ने भाग किया।

Source: