उदयपुर। शासन सचिव राजस्व एवं उपनिवेशन विभाग तथा जिले के प्रभारी सचिव श्री टी. रविकांत सोमवार को उदयपुर दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने जिला कलेक्ट्रेट मिनी सभागार में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने आगामी मानसून को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मानसून एवं पेयजल प्रबंधन पर विशेष जोर
प्रभारी सचिव ने कहा कि जिले के विभिन्न जलाशयों से जल वितरण व्यवस्था को लेकर संबंधित हितधारकों से नियमित संवाद बनाए रखा जाए तथा पेयजल प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने देबारी एवं आसपास के क्षेत्रों में केमिकल युक्त पानी मिलने की शिकायतों के संबंध में जानकारी लेते हुए समस्या के निराकरण हेतु आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर उच्च स्तर पर भेजने के निर्देश दिए।
चिकित्सा व्यवस्थाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप मजबूत करने के निर्देश
बैठक में प्रभारी सचिव ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक आदित्य से जिले में चिकित्सा अधिकारियों के रिक्त पदों की जानकारी ली। उन्होंने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अगले 25 से 30 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने मौसमी बीमारियों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि कई ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों में विभिन्न कारणों से समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने से आमजन को परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर विशेष कार्य योजना तैयार करें।
खाद एवं बिजली आपूर्ति को लेकर समीक्षा
प्रभारी सचिव ने आगामी कृषि सीजन को देखते हुए फर्टिलाइजर की संभावित कमी से निपटने के लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं जिले में विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए विभिन्न ग्रिड अपग्रेडेशन कार्यों की जानकारी ली।
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में जिले में मांग और आपूर्ति के बीच लगभग 100 मेगावाट बिजली की कमी है। दरीबा में 220 केवी जीएसएस का कार्य पूर्ण होने पर 60 से 70 मेगावाट तक की कमी दूर हो जाएगी, जिससे शहर और जिले में निर्बाध विद्युत व्यवस्था बनाये रखने में काफी राहत मिलेगी। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान स्थिति में भी जिले में पूरी क्षमता से बिजली आपूर्ति की जा रही है।
संपर्क पोर्टल के लंबित मामलों पर जताई नाराजगी
बैठक में प्रभारी सचिव ने संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, एडीएम दीपेंद्र सिंह, गिर्वा एसडीएम अवुला साईं कृष्ण सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।