उदयपुर। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान आगामी वर्षा ऋतु के मद्देनजर जल संरक्षण की दिशा में प्रभावी कदम बढ़ाने की अनूठी पहल सिद्ध हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेश भर में चलाए जा रहे वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान - 2026 के दूसरे दिन उदयपुर जिले में विविध गतिविधियंा आयोजित की गई। जिले भर में ग्रामसभाओं का आयोजन हुआ। इसमें आमजन को जल संचय और जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के तहत मंगलवार को जिले भर में ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर ग्राम सभाओं का आयोजन हुआ। इसमें आमजन को जल एवं पर्यावरण का महत्व समझाते हुए उसके संरक्षण के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों को जल संचय एवं जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कई स्थलों पर पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा जलग्रहण विकास विभाग की ओर से जल संचय संबंधित कार्यों का शुभारंभ भी किया गया। अमृत सरोवर तथा जल संरक्षण संबंधित कार्यों का अवलोकन किया गया। ओरण एवं चारागाहों का चिन्हिकरण किया गया। साथ ही वन विभाग ने हरियालो राजस्थान के तहत आगामी दिनों में होने वाले पौधरोपण एवं पौध वितरण की तैयारियां की।
अभियान के तहत बुधवार को गौशालाओं, पशु चिकित्सालयों तथा दूग्ध संघों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से मीडियाकर्मियों का फील्ड भ्रमण भी होगा। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर धार्मिक, सामाजिक, व्यापारिक संगठनों की विचार गोष्ठियां भी आयोजित की जाएंगी।