उदयपुर। उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर 2026 में लंबे समय से लंबित भूखण्ड आवंटन प्रकरण का समाधान कर आवेदक को राहत प्रदान की गई।
शिविर में राजस्व ग्राम भुवाणा की आराजी संख्या 2023 से 2028 के अनुमोदित प्लान के भू-खण्ड संख्या 179 एवं 180 के नियमितीकरण के लिए कलावती देवी पत्नी हरिशचंद्र ब्राह्मण द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया था। संबंधित भूखण्ड का पूर्व में उपखण्ड अधिकारी के आदेश के आधार पर संपरिवर्तित भूमि के रूप में क्रय किया गया था तथा प्राधिकरण के आदेश क्रमांक 1619 से 1634 16 सितम्बर 2009 के तहत इसे राज्य सरकार की ओर से पुनग्र्रहित घोषित किया जा चुका था। कृषि भूमि से आवासीय उपयोग हेतु जारी संपरिवर्तित प्लान एवं नगर विकास प्रन्यास के अनुमोदित प्लान में भूखण्डों के नंबर अलग-अलग दर्ज होने के कारण आवेदक को पिछले लगभग पांच वर्षों से पट्टा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। जानकारी एवं उचित मार्गदर्शन के अभाव में मामला लंबित बना हुआ था।
शहरी सेवा शिविर 2026 में यह प्रकरण कैंप प्रभारी सचिव, उदयपुर विकास प्राधिकरण के संज्ञान में आने पर नियमानुसार मौके पर ही निस्तारित किया गया तथा आवेदक को आवंटन पत्र जारी किया गया। आवंटन पत्र प्राप्त होने पर आवेदक ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार को धन्यवाद दिया।