उदयपुर, शिव महोत्सव समिति की ओर से 17 अगस्त को गंगा के चौथे पाये तीर्थराज गंगोद्भव कुंड से उभयेश्वर महादेव तक निकाली जाने वाली 21वीं विशाल कावड़ यात्रा के तहत आयोजित सात दिवसीय समारोह के पांचवें दिन गुरुवार को गंगोद्भव परिसर भक्ति और संगीत से सराबोर रहा। श्रीदेव राजराजेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्री एकलिंगनाथ सत्संग मंडल, आम्बादरकत के तत्वावधान में भव्य संगीतमय भजन संध्या आयोजित की गई।
भजन संध्या में श्याम टेलर, लोकेश जोशी, नरेश औदिच्य, सीपी साहू, मोहन, नरेश दवे एवं सुरेश साहू की टीम ने भगवान महादेव की भक्ति से ओतप्रोत भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भजनों की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु भक्तिरस में डूब गए। पूरा गंगोद्भव परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। भक्ति और संगीत के इस संगम ने आगामी कावड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह और उमंग का संचार किया।
प्रवक्ता कृष्णकांत कुमावत ने बताया कि कार्यक्रम में अध्यक्ष यज्ञ नारायण शर्मा, मनोहर चौधरी, महेश भावसार, शिवशंकर नागदा, लोकेश जोशी, सुरेश रावत, भागीरथ सिंह, सुरेश साहू, संतोष शर्मा, सूर्यप्रकाश उपाध्याय, ओम साहू, चन्द्रप्रकाश, भरत शर्मा, राहुल श्रीमाली, रोनक भाटी, नरेश औदिच्य, हरिनारायण पुरोहित, भगवती लाल साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
15 अगस्त को झंडारोहण एवं तिरंगा यात्रा
संयोजक एडवोकेट डॉ. रामकृपा ने बताया कि सात दिवसीय समारोह के छठे दिन 15 अगस्त, शनिवार को प्रातः 8 बजे गंगोद्भव प्रांगण में गंगु विकास समिति की ओर से झंडारोहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे विप्र फाउंडेशन के नरेन्द्र पालीवाल के सानिध्य में गंगा कलश पूजन किया जाएगा।
गंगा कलश पूजन के पश्चात परशुराम चौराहे से गंगोद्भव कुंड परिसर तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं एवं आमजन से कार्यक्रम में सहभागिता करने का आह्वान किया है।