उदयपुर. जय महेश प्रगति सेवा संस्थान के बैनर तले सेक्टर-3 एवं सेक्टर-4 क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत मंगलवार को प्रातः सेक्टर-3 स्थित शिव मंदिर में भगवान शिव के महाअभिषेक के साथ हुई। इस दौरान 21 दंपत्तियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त कियाl महाआरती के पश्चात् महाप्रसादी का कार्यक्रम देर रात तक चलाl
संस्थान के अध्यक्ष रमेशचंद्र पोरवाल ने बताया कि सायंकाल शिव मंदिर से भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। शोभायात्रा नेहरू छात्रावास, होटल प्राइड, बॉयस एम्पायर रोड, गुरु नानक स्कूल एवं सेक्टर-4 मुख्य चौराहे से होते हुए पुनः शिव मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और जयघोषों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शोभायात्रा में 7 सुसज्जित बग्घियां, घोड़े, ऊंट गाड़ियां तथा डीजे-बैंड विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। भक्ति संगीत और शिवभक्तों के उत्साह से संपूर्ण क्षेत्र शिवमय हो गया। यात्रा के समापन पर महेश सेवा समिति परिसर में गगनभेदी जयकारों के बीच भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जय महेश प्रगति सेवा संस्थान के सचिव गोपाल लाल चांडक ने संस्थान के सभी कार्यकर्ताओं एवं युवाओं का आगामी आयोजनों के लिए उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि संस्थान की सफलता सभी कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने युवाओं को सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा संस्थान के सक्रिय कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए उनका सम्मान भी किया। इस दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने भविष्य में भी इसी उत्साह और एकजुटता के साथ समाजसेवा एवं धार्मिक आयोजनों को सफल बनाने का संकल्प लिया।
Source: