उदयपुर | मेवाड़ नर्सिंग कॉलेज, उदयपुर में गुरुवार कों “कम्युनिकेशन एवं सॉफ्ट स्किल्स” विषय पर एक अत्यंत प्रभावी कार्यशाला का आयोजन स्नोफ्लेक्स काउंसलिंग प्रा. लि. की काउंसलिंग साइकोलॉजिस्ट माहिमा पालीवाल द्वारा किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों के संचार कौशल, तथा आत्मविश्वास को सशक्त बनाना था, जो एक सफल स्वास्थ्यकर्मी के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यशाला के दौरान प्रभावी संवाद, सक्रिय श्रवण (Active Listening), आत्मविश्वास निर्माण, स्वयं की तुलना करने की प्रवृत्ति, तथा लोगों के सामने बोलने में होने वाली झिझक जैसे विषयों पर मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि प्रभावी संचार केवल अच्छी तरह बोलने तक सीमित नहीं है, बल्कि दूसरों को समझने, सहानुभूति रखने और विश्वास स्थापित करने की क्षमता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
सत्र को रोचक एवं सहभागितापूर्ण बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों, समूह चर्चाओं (Group Discussion) तथा समूह आधारित अभ्यास (Group Activities) का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ संवाद करना, ध्यानपूर्वक सुनना तथा सकारात्मक पारस्परिक संबंध विकसित करने के व्यावहारिक तरीके सीखे।
कार्यशाला के अंत में विद्यार्थियों को दैनिक जीवन एवं व्यावसायिक क्षेत्र में उपयोगी संचार कौशल विकसित करने के लिए सरल एवं व्यवहारिक सुझाव दिए गए। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप गर्ग द्वारा कार्यक्रम कों सराहा गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार की व्यक्तित्व विकास एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी कार्यशालाओं के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्रा एवं स्टाफ उपस्थित थे।
Source: