उदयपुर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड मण्डल मुख्यालय के तत्वावधान में शिविर केंद्र उदयनिवास पर आयोजित ग्रुप वार्षिक शिविर में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत शपथ एवं विशाल मानव श्रृंखला कार्यक्रम आयोजित किया गया।सी.ओ. स्काउट सुनील कुमार सोनी ने बताया कि कार्यक्रम में शिविर में 171 संभागी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा रहे।

उन्होंने विशाल मानव श्रृंखला का अवलोकन किया तथा शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउट-गाइड बच्चों एवं युवाओं में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।श्री मीणा ने कहा कि स्काउटिंग की पहचान ही अनुशासन और सेवा भावना से होती है।

शिविरों में अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से स्काउट-गाइड को जो प्रशिक्षण और अनुभव प्राप्त होता है, उसे केवल शिविर तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उसे अपने जीवन में उतारना चाहिए।

उन्होंने कहा कि शिविर में सीखा अनुशासन, समय का सदुपयोग, सहयोग की भावना और सेवा का संस्कार जीवन में सफलता की मजबूत नींव बनता है।

उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने का संदेश देते हुए कहा कि बिना लक्ष्य के जीवन में आगे बढ़ना कठिन है।

प्रत्येक विद्यार्थी अपने भविष्य का लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करे। साथ ही उन्होंने सभी से अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने और उनके मार्गदर्शन को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

विधायक श्री मीणा ने कहा कि स्काउट-गाइड शिविर में प्राप्त अनुभव जीवन की अमूल्य पूंजी हैं।

यहां सीखी गई गतिविधियों, अनुशासन एवं सेवा भावना को अपने व्यवहार में शामिल कर समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।इस अवसर पर श्री फूल सिंह मीणा ने उपस्थित स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर को हर घर तिरंगा फहराने की शपथ दिलाई।

इस शपथ के साथ ही विधायक महोदय द्वारा शिविर केंद्र हेतु टीन शेड डोम हेतु सहयोग की घोषणा की।सी ओ गाइड अभिलाषा मिश्रा ने बताया कि सभी शिविरार्थियों ने राष्ट्रध्वज का सम्मान बनाए रखने, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के दौरान स्काउट-गाइड द्वारा बनाई गई विशाल मानव श्रृंखला विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

मानव श्रृंखला के माध्यम से “हर घर तिरंगा-हर दिल में तिरंगा” का संदेश दिया गया। शिविरार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।

इस अवसर पर शिविर संचालिका अंजना शर्मा लीडर ट्रेनर, तिलकेश आमेटा, भगवतीलाल साहू, मोहित, गोविंद, ललित कुमार, दिव्यांश, चेतन, मीना, जाह्नवी, तुलसीराम, शांतिलाल ने शिविर में प्रशिक्षण प्रदान किया।