उदयपुर | कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मजदूरों के मसीहा तथा जिला इंटक के प्रमुख नेता रहे रोशन लाल शर्मा का शनिवार को दुःखद एवं असामयिक निधन हो गया। उनके निधन से कांग्रेस परिवार, इंटक संगठन, श्रमिक समाज एवं क्षेत्र में शोक की लहर छा गई।
रोशन लाल शर्मा ने अपना सम्पूर्ण जीवन कांग्रेस पार्टी, इंटक संगठन तथा श्रमिकों के हितों के लिए समर्पित किया। उन्होंने आजीवन कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने और मजदूरों की आवाज को बुलंद करने के लिए निरंतर संघर्ष किया। श्रमिक वर्ग के अधिकारों एवं हितों के लिए उनके योगदान और संघर्ष को सदैव स्मरण किया जाएगा। उनकी सेवाओं को लम्बे समय तक याद किया जाएगा।
उनके निधन पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने उनके निवास स्थान पर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की तथा अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की ओर से कांग्रेस पार्टी का ध्वज एवं पुष्पमाला अर्पित कर दिवंगत रोशन लाल शर्मा को श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। इस दौरान पंकज कुमार शर्मा, रघुवीर मीणा, फतेह सिंह राठौड, सुरेश श्रीमाली, जगदीश राज श्रीमाली, अजय सिंह, हरीश शर्मा उपस्थित थे।