उदयपुर। विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत चल रहे आंगन सेवा मिलन कार्यक्रम का रविवार को समापन हुआ।

तीसरे दिन रविवार को जिले के शेष 800 से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों पर आंगन सेवा मिलन कार्यक्रम हुए।

झाड़ोल विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढेडमारिया में आयोजित कार्यक्रम में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने भी शिरकत की।केबिनेट मंत्री श्री खराड़ी ने बच्चों, लाभार्थी परिवारों व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद किया।

मंत्री श्री खराड़ी ने बच्चों को न्यूट्री बॉक्स वितरित किए। गर्भवती माताओं की गोद भराई की रस्म पूरी कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा सहयोगिनियों को भी सम्मानित किया गया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों को सेवा, संस्कार और सशक्तिकरण के केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।इधर, माछला मगरा, टेकरी, रोशन नगर, इंदिरा कॉलोनी एवं अन्य 36 आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन कार्यक्रम उत्साह के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेश शर्मा एवं महिला पर्यवेक्षक शारदा बंसीवाल ने आंगनबाड़ी के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर सीमा जगन एवं जया वीरवाल ने पोषण, स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी की सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओ, सहायिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाया।महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक नंदलाल मेघवाल ने बताया कि आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत 25 से 27 सितम्बर तक जिले के कुल 2394 आंगनवाड़ी केन्द्रों पर विविध गतिविधियां हुई।

विभाग की सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका का सम्मान किया गया। साथ ही आंगनवाड़ी केन्द्रों पर पोषण माह की गतिविधियां यथा अन्नप्राशन, गोदभराई, प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत विभिन्न विभागों स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, राजस्व, कृषि विभाग आदि के कार्मिकों, विधालय के शिक्षकों/विधार्थियों, राजिविका स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, पोषण सखियों तथा आमजन की सहभागिता रही।

रंगोली, चित्रकला, कहानी /कविता पठन, लाभार्थियों से संवाद तथा अनुभवों को साझा करना, योजनाओं की जानकारी एवं नवीन लाभार्थियों का पंजीकरण आदि गतिविधियां भी आयोजित की गई।