उदयपुर। शहर की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था लफ़्ज़ों की महफ़िल की ओर से रविवार, 13 सितंबर को दोपहर 2.30 बजे अशोका पैलेस, जुडियो शोरूम के ऊपर, 100 फीट शोभागपुरा रोड, उदयपुर में भव्य मासिक काव्य गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
संस्था के संस्थापक एवं संरक्षक मुकेश माधवानी ने बताया कि यह आयोजन संस्था की मासिक साहित्यिक श्रृंखला का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें उदयपुर सहित देशभर के साहित्यकार, कवि एवं साहित्य प्रेमी शामिल होंगे और अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे।
उन्होंने बताया कि लफ़्ज़ों की महफ़िल आज देशभर के 700 से अधिक कवियों एवं रचनाकारों का एक सशक्त राष्ट्रीय साहित्यिक मंच बन चुका है। यह आयोजन साहित्य प्रेमियों के लिए काव्य पाठ, सम्मान और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का खास अवसर होगा।
कार्यक्रम के संयोजक पं. पुरुषोत्तम शाकद्वीपीय ‘प्रेमी’ ने बताया कि इस अवसर पर ‘सपने कहीं टूट न जाए’ विषय पर आयोजित काव्य प्रतियोगिता के प्रथम तीन विजेताओं को पुरस्कार एवं सम्मान पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही सभी प्रतिभागियों को भी सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में देशभर से जुड़े रचनाकार अपनी कविताओं एवं रचनाओं की प्रस्तुति देंगे। आयोजन के माध्यम से साहित्य, कविता और रचनात्मक अभिव्यक्ति को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने साहित्य प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस साहित्यिक उत्सव का हिस्सा बनने का आग्रह किया।