उदयपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को जिलेभर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल तथा नोडल अधिकारी सीईओ जिला परिषद विरमाराम के निर्देशन में विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्राएं, जागरूकता कार्यक्रम एवं अन्य गतिविधियां आयोजित कर आमजन को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश की एकता-अखंडता के प्रति संकल्पित किया गया।

इसी क्रम में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया गया। कार्यक्रमों में भारत विभाजन के दौरान विस्थापन, पीड़ा और अपनों को खोने वाले लोगों की स्मृतियों को नमन किया गया।

विभाजन के दौरान उत्पन्न परिस्थितियों और उसके दुष्परिणामों को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया गया।

विभिन्न आयोजनों में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन ने सहभागिता की।

वक्ताओं ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति गौरव, सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अभियान है।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इतिहास की त्रासदी से सीख लेते हुए हमें आपसी भाईचारे, सौहार्द और राष्ट्रीय एकता को और मजबूत करना होगा।

कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।