उदयपुर। केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा माय भारत पोर्टल के माध्यम से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य देश के युवाओं को विकसित भारत के निर्माण, नीति निर्धारण एवं राष्ट्र के विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करना है।
कार्यक्रम के विभिन्न चरणों में चयनित युवाओं को नीति निर्धारकों एवं विशेषज्ञों के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा।विकसित भारत चौलेंज क्विज के प्रथम चरण का आयोजन 17 अगस्त से 30 सितंबर, 2026 तक माय भारत पोर्टल पर किया जा रहा है।
इसमें 15 से 29 आयु वर्ग के युवा डिजिटल माध्यम से भाग ले सकते हैं। क्विज में अधिकतम 4 लाख प्रतिभागियों में से शीर्ष 10 प्रतिशत प्रतिभागियों का चयन अगले चरण के लिए किया जाएगा।
चयनित प्रतिभागियों को माय भारत पोर्टल के माध्यम से विकसित भारत के निर्धारित 10 विषयों में से संबंधित विषय पर 500 शब्दों का निबंध प्रस्तुत करना होगा।विकसित भारत निबंध प्रतियोगिता का आयोजन 05 से 19 अक्टूबर, 2026 तक किया जाएगा।
निबंध प्रतियोगिता के बाद जिला स्तरीय प्रतियोगिता 10 से 16 नवंबर, 2026 तक आयोजित होगी। जिला स्तर पर प्रत्येक जिले से शीर्ष 50 निबंधों का चयन पीपीटी राउंड के लिए किया जाएगा।
प्रत्येक जिले से शीर्ष 2 प्रस्तोताओं को राज्य स्तरीय विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग प्रतियोगिता के लिए पात्रता मिलेगी।राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश स्तर की विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग प्रतियोगिता 17 नवंबर से 07 दिसंबर, 2026 तक आयोजित होगी।
विभिन्न चरणों में चयनित राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों की टीमें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
क्षेत्रीय स्तर पर टीमें अपने क्षेत्र से संबंधित विचार विशेषज्ञों, सचिवों आदि के समक्ष प्रस्तुत करेंगी तथा क्षेत्रीय फाइनलिस्ट को राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा।
राष्ट्रीय स्तर का विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग नई दिल्ली में 10 से 12 जनवरी, 2027 तक आयोजित किया जाएगा।जिला युवा अधिकारी ने प्रेस ब्रीफिंग कर जिले के 15 से 29 आयु वर्ग के युवाओं से अपील की है कि वे विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने विचारों एवं नवाचारों को मंच प्रदान करें।
उन्होंने बताया कि युवाओं के विचार विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इच्छुक युवा निर्धारित अवधि में माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर विकसित भारत चौलेंज क्विज में भाग ले सकते हैं।