उदयपुर। संस्कृतभारती, उदयपुर की संगठनात्मक बैठक शिवाजी नगर स्थित कार्यालय में क्षेत्र संगठन मंत्री श्री कमल शर्मा जी के प्रवास के अवसर पर सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन के विभिन्न आयामों, आगामी कार्य-विस्तार, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा वर्षभर संचालित होने वाली गतिविधियों को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने को लेकर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
क्षेत्र संगठन मंत्री श्री कमल शर्मा जी ने संस्कृत के कार्य को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने, नियमित गतिविधियों को गति प्रदान करने तथा संगठन के कार्य-विस्तार की ठोस एवं प्रभावी योजना बनाने पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने आगामी संस्कृत सप्ताह, संस्कृत सम्मेलन एवं विभिन्न जनजागरण कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं से निर्धारित दायित्वों के साथ सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
बैठक में आगामी 28 अगस्त से 3 सितंबर तक आयोजित होने वाले संस्कृत सप्ताह की विस्तृत कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। संस्कृत सप्ताह के दौरान संस्कृत को समाज के विभिन्न वर्गों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं सामान्य जनजीवन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विविध रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं जनसहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
संस्कृत सप्ताह में होंगे विविध आयोजन 28 अगस्त – संस्कृति रक्षार्थ रक्षा-सूत्र कार्यक्रम जगदीश मंदिर व पुलिस थाना में आयोजित किया जाएगा।
29 अगस्त – पौधारोपण कार्यक्रम डीपीएस स्कूल में - पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए पौधारोपण कार्यक्रम होगा।
30 अगस्त – पत्राचार द्वारा संस्कृत अभियान पत्राचार के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक संस्कृत के प्रचार-प्रसार एवं संस्कृत के प्रति जनजागरण का अभियान चलाया जाएगा।
31 अगस्त – श्लोक प्रतियोगिता महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल में ।
1 सितंबर – संस्कृत समूह गीत प्रतियोगिता आलोक विद्यालय, हिरण मगरी में।
2 सितंबर – श्लोक आधारित चित्रकला प्रतियोगिता रॉकवुड्स हाई स्कूल में ।
3 सितंबर – संस्कृति चेतना यात्रा एवं शोभायात्रा संस्कृत सप्ताह के समापन अवसर पर निंबार्क महाविद्यालय से निकली जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों एवं प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार वितरण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आगामी संस्कृत सम्मेलन के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र महर्षि पाणिनि पुरस्कार दसवीं बोर्ड परीक्षा में 100 अंक प्राप्त छात्रों को एवं सत्र में पीएचडी डिग्री प्राप्त उल्लेखनीय प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में डॉ. यज्ञ आमेटा, प्रांत संपर्क प्रमुख; नरेंद्र शर्मा, महानगर मंत्री; दुष्यंत नागदा, विभाग संयोजक; संजय शांडिल्य, विभाग सहसंयोजक; सत्यप्रिय, महाविद्यालय विद्यार्थी प्रमुख; चैन शंकर, पत्राचार प्रमुख; डॉ. रेनू पालीवाल, प्रांत श्लोक पाठन प्रमुख; डॉ. कुलदीप जोशी,जनपद सहमंत्री, मंगल जैन, महानगर बाल केंद्र प्रमुख, डॉ हिमांशु भट्ट संपर्क प्रमुख, भूपेंद्र शर्मा सरल संस्कृत परीक्षा प्रमुख आदि सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य संस्कृत भारती के कार्यों को संगठनात्मक रूप से और अधिक सुदृढ़ करते हुए संस्कृत को समाज के सामान्य जनजीवन, विद्यार्थियों एवं युवाओं तक पहुंचाना तथा संस्कृत सप्ताह को व्यापक जनसहभागिता एवं सांस्कृतिक चेतना का उत्सव बनाना रहा।
संस्कृत सप्ताह के माध्यम से संस्कृति रक्षण से संस्कृति चेतना तक संस्कृत, संस्कृति और भारतीय जीवन-मूल्यों के प्रति समाज में जागरूकता एवं सहभागिता का व्यापक वातावरण निर्मित करने का प्रयास किया जाएगा।