जिला कलक्टर ने दिए शत-प्रतिशत पंजीकरण के निर्देश
प्रत्येक संस्थान में नोडल अधिकारी व कैंपस एम्बेसडर होंगे नियुक्त
जैसलमेर: जिले के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें कौशल, स्वयंसेवा एवं अनुभव आधारित अवसरों से लाभान्वित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मायभारत जिला सलाहकार एवं समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिले के राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों के नोडल प्रतिनिधि, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल संस्थानों के प्रतिनिधि, एनएसएस, एनसीसी, स्कूल शिक्षा विभाग, पर्यटन विभाग, जिला उद्योग केन्द्र, जिला खेल अधिकारी, भारत स्काउट एवं गाइड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
15 अगस्त तक शत-प्रतिशत पंजीकरण का लक्ष्य
बैठक में जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने 1 जुलाई से 15 अगस्त तक संचालित सघन पंजीकरण अभियान ¼Intensive Registration Drive½ की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों एवं शैक्षणिक संस्थानों को अभियान को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक पात्र विद्यार्थी एवं युवा का मायभारत पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा सरकार की विभिन्न योजनाओं, स्वयंसेवी गतिविधियों और कौशल विकास कार्यक्रमों का लाभ प्राप्त कर सकें।
हर संस्थान में नोडल अधिकारी और कैंपस एम्बेसडर होंगे नियुक्त
जिला कलक्टर ने सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया कि वे अपने संस्थान में एक नोडल अधिकारी तथा एक छात्र/छात्रा को कैंपस एम्बेसडर नियुक्त करें। यह टीम विद्यार्थियों को मायभारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने, जागरूकता बढ़ाने तथा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेगी।
सरकारी विभागों से मिलेगा अनुभव आधारित प्रशिक्षण
बैठक में युवाओं को अनुभव आधारित प्रशिक्षण से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिला कलक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग में एक नोडल अधिकारी नामित कर मायभारत पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करें, जिससे युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में कार्य करने, सीखने और व्यवहारिक अनुभव प्राप्त करने के अवसर उपलब्ध हो सकें।
जिला कलक्टर ने कहा कि मायभारत केवल एक पंजीकरण अभियान नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सहभागिता को नई दिशा देने वाला राष्ट्रीय मंच है। उन्होंने सभी विभागों से समन्वित प्रयास करते हुए निर्धारित अवधि में लक्ष्य प्राप्त करने तथा अधिकाधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
नेहरू युवा केन्द्र के युवा कार्यक्रम अधिकारी पंकज ने पावरपाइन्ट प्रजेन्टेशन के माध्यम से माय भारत पोर्टल के पंजीकरण की प्रक्रिया एवं अन्य विषय पर विस्तार से जानकारी दी।