GMCH STORIES

बरसों का इंतजार हुआ खत्म, ग्रामीण सेवा शिविर में मिला अपने घर का मालिकाना हक

( Read 462 Times)

15 Jul 26
Share |
Print This Page
बरसों का इंतजार हुआ खत्म, ग्रामीण सेवा शिविर में मिला अपने घर का मालिकाना हक

            जैसलमेर । राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ग्रामीणों के वर्षों पुराने सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम बन रहा है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत धायसर की निवासी श्रीमती डेली पत्नी बुटाराम को उनके रहवासी मकान का वैध पट्टा प्रदान किया गया, जिससे वर्षों से लंबित उनका मालिकाना हक सुनिश्चित हो सका।

          श्रीमती डेली ने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से जिस मकान में निवास कर रहा था, वह उनका होते हुए भी राजस्व अभिलेखों में उनके नाम दर्ज नहीं था। इस कारण भविष्य को लेकर हमेशा असमंजस और चिंता बनी रहती थी। वर्षों से अपने घर का वैधानिक स्वामित्व प्राप्त करने की प्रतीक्षा कर रहे परिवार के लिए ग्रामीण सेवा शिविर आशा की नई किरण बनकर आया।

          उन्होंने बताया कि शिविर में पहुँचने पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने उनके दस्तावेजों की संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ जांच की तथा आवश्यक प्रक्रिया को त्वरित रूप से पूर्ण कर उन्हें रहवासी पट्टा उपलब्ध कराया। वर्षों से लंबित कार्य कुछ ही समय में पूरा होने पर पूरे परिवार में खुशी का माहौल बन गया।

            श्रीमती डेली ने कहा कि यह पट्टा उनके लिए केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि उनके परिवार के सुरक्षित भविष्य, सम्मान और अपने घर पर वैधानिक अधिकार का प्रतीक है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए माननीय प्रधानमंत्री, माननीय मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा, जिला प्रशासन जैसलमेर एवं ग्राम पंचायत धायसर के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

           यह पट्टा शिविर प्रभारी एवं विकास अधिकारी महेशसिंह राठौड़, नायब तहसीलदार देदाराम, अतिरिक्त विकास अधिकारी टाउराम, सरपंच प्रतिनिधि शेर खान एवं ग्राम विकास अधिकारी जगदीश कुमार की उपस्थिति में प्रदान किया गया।

             ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के माध्यम से प्रशासन द्वारा आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर सुशासन की भावना को धरातल पर साकार किया जा रहा है।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like