उदयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के तहत बुधवार को गिर्वा तहसील की ग्राम पंचायत डाकन कोटड़ा तथा उमरडा, कुराबड़ की जिंक स्मेल्टर एवं साकरोदा, बड़गांव की थुर, घासा तहसील की घासा एवं मांगथला, वल्लभनगर की अडिदा, भिंडर की धावाडिया एवं वरणी, गोगुंदा की पाटिया एवं सेमटाल, सायरा की सायरा तथा कमोल, झाड़ोल की झाडोल, फलासिया की फलासिया, खेरवाड़ा की हिका, नया गांव की पाटिया एवं झाझरी, ऋषभदेव की किकावत एवं उगम्णा कोटडा तथा कोटडा तहसील की मंडवाल, कुकावास एवं पीपला में कैंप आयोजित हुए।
इसी क्रम में घासा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत मांगथला में आयोजित शिविर में वर्षों से लंबित राजस्व रिकॉर्ड संबंधी समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर आमजन को बड़ी राहत प्रदान की गई। शिविर के दौरान भुवाणा निवासी कुंज बिहारी पालीवाल, प्रकाश चंद्र, मीरा देवी, मोहनी देवी एवं राजूलाल ने खातों में पिता के नाम के शुद्धिकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। आवेदकों ने बताया कि वे कई वर्षों से इस समस्या के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन निराकरण नहीं हो पा रहा था।
शिविर में पटवारी एवं तहसीलदार की रिपोर्ट के आधार पर ग्राम माणकावास के राजस्व खाता संख्या 162 एवं 163 तथा संबंधित खसरा नंबरों में पिता के नाम ष्किशनलालष् के स्थान पर ष्भंवरलालष् दर्ज किए जाने की स्वीकृति उपखंड अधिकारी द्वारा प्रदान की गई। इससे सभी आवेदकों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो गया। समस्या के त्वरित समाधान से लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं राज्य सरकार का आभार जताया और ग्रामीण सेवा शिविर को आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताया।
इसी प्रकार आबादी पट्टा (नियम 157) के तहत 30 पात्र लाभार्थियों को ग्राम पंचायत द्वारा पट्टों का वितरण किया गया। इस अवसर पर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। पट्टा प्राप्त करने वाले लाभार्थियों में श्री रमेश चंद्र पुरोहित सहित अन्य पात्र परिवार शामिल रहे। वर्षों से अपने आवासीय भूखंड के वैध स्वामित्व दस्तावेज की प्रतीक्षा कर रहे लाभार्थियों को शिविर के माध्यम से यह सुविधा मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।