उदयपुर। राजस्थान सरकार ने प्रदेश में समान नागरिक संहिता ( युसीसी ) कानून को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सरकार ने इस प्रस्तावित कानून पर आम जनता, विशेषज्ञों और प्रबुद्ध नागरिकों से उनके बहुमूल्य सुझाव और विचार आमंत्रित किए हैं। इसके लिए एक आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल और क्यूआर कोड जारी किया गया है।
ऐसे कर सकते हैं सुझाव साझा
आमजन अपने विचार और सुझाव बेहद आसान तरीके से सरकार तक पहुंचा सकते हैं। आमजन युसीसी की आधिकारिक वेबसाइट युसीसी डाॅट राजस्थान डाॅट जीओवी डाॅट इन पर जाकर अपने सुझाव दर्ज कर सकते हैं। वहीं क्यू आर कोड को स्कैन करके भी सीधे आधिकारिक वेबसाइट पर पहुंचा जा सकता है। इसके बाद आमजन वहां दिए गए दिशा-निर्देशों और प्रक्रिया के अनुसार अपने विचार और फीडबैक सबमिट कर सकेंगे। सरकार का उद्देश्य इस कानून को व्यापक और समावेशी बनाना है, जिसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।